#अपराध

April 24, 2025

हिमाचल में नशा बेच रहा था पंजाबी, पुलिस को देख घबराया- रेन शेल्टर से किया अरेस्ट

नशे के खिलाफ डलहौज़ी पुलिस को बड़ी सफलता

शेयर करें:

Dalhousie Drug Bust

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा ज़िले के डलहौज़ी क्षेत्र में नशे के खिलाफ छेड़े गए अभियान में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। छावनी क्षेत्र की वर्षा शालिका के पास गश्त कर रही पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोका और तलाशी के दौरान उसके पास से 4.52 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस को देखकर घबराया युवक, जवाबों में उलझा

डलहौज़ी पुलिस थाना प्रभारी जगबीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस गश्त पर थी, जब छावनी क्षेत्र में एक युवक ने पुलिस को देखकर संदिग्ध हरकत की। शक होने पर जब उससे पूछताछ की गई, तो वह जवाब देने में हिचकिचाने लगा। तलाशी के दौरान युवक के पास से हेरोइन बरामद हुई, जिसे पुलिस ने तुरंत कब्जे में ले लिया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में पहलगाम घटना के खिलाफ बवाल, आज बंद रहेंगे बाजार और होंगे विरोध प्रदर्शन

आरोपी पंजाब का रहने वाला, नाम पहले कभी नहीं आया सामने

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी की पहचान विक्रमजीत सिंह (22 वर्ष) पुत्र सुखविंदर सिंह के रूप में हुई है, जो कोर्ट धर्मचंद कलां, जिला तरनतारन, पंजाब का निवासी है। शुरुआती पूछताछ में युवक हिमाचल में अपने किसी दोस्त से मिलने आया था, लेकिन इसके पीछे की सच्चाई को जानने के लिए गहन जांच जारी है।

नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति

थाना प्रभारी जगबीर सिंह ने कहा कि डलहौज़ी क्षेत्र में नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम हो रहा है। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को इस जहर से बचाया जा सके।

यह भी पढ़ें : पहलगाम घटना के बाद हिमाचल में हाई अलर्ट- सीमाओं में चौकसी बढ़ी, कई स्थानों पर डटे जवान

चंबा ज़िले में बढ़ रही नशा तस्करी की घटनाएं

हिमाचल के सीमावर्ती इलाकों, खासकर चंबा, कांगड़ा और ऊना जैसे जिलों में पंजाब से आने वाले नशा तस्करों की गतिविधियां तेजी से बढ़ी हैं। सीमावर्ती थानों को सतर्क रहने के आदेश दिए गए हैं। पुलिस की इस ताज़ा कार्रवाई ने एक बार फिर यह साबित किया है कि नशे के खिलाफ जंग में हिमाचल की पुलिस पीछे नहीं हटेगी।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें

Related Tags:
ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख