#अपराध
July 24, 2026
छात्र आंदोलन के बीच हिमाचल में PM मोदी के खिलाफ दीवार पर लिखे विवादित शब्द, भड़के लोग
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की सीसीटीवी की जांच
शेयर करें:

मंडी। देश भर में चल रहे छात्र आंदोलन के बीच हिमाचल प्रदेश से एक बड़ी खबर सामने आई है। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक भाषा लिखने से राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल बढ़ गई है। मंडी जिला में दीवार पर मोदी रिजाइन के साथ कुछ अन्य शब्द भी लिखे गए हैं, पुलिस मामले को लेकर अलर्ट हो गई है और सीसीटीवी खंगाल रही है ताकि इस हरकत के पीछे मौजूद खुराफाती तत्वों तक पहुंचा जा सके।
घटना मंडी शहर के दिल कहे जाने वाले इंदिरा मार्केट की है। यहां स्थित एक सरकारी भवन की दीवार पर रात के अंधेरे का फायदा उठाकर अज्ञात लोगों ने "मोदी रिजाइन", "CJP इन पावर" जैसे नारों के साथ-साथ अत्यंत आपत्तिजनक और भड़काऊ भाषा लिखी है। सुबह जब स्थानीय लोगों की नज़र इस लिखावट पर पड़ी, तो शहर में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: होटल के कमरे में महिला संग रंगरलियां मना रहा था पति, आ धमकी पत्नी; जमकर हुआ हंगामा
मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडी के स्थानीय निवासी चंदन शर्मा तुरंत आगे आए और उन्होंने पुलिस प्रशासन को औपचारिक शिकायत सौंपी। अपनी शिकायत में चंदन शर्मा ने कहा कि सार्वजनिक संपत्ति को बदरंग करना और देश के संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के खिलाफ इस तरह की भाषा लिखना सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने की सोची-समझी साजिश है। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द लिखावट को मिटाने और माहौल खराब करने वालों को सलाखों के पीछे भेजने की मांग उठाई है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल को चकाचक करेगा मंत्री विक्रमादित्य सिंह का विभाग- सड़क हाद...सों पर लगेगी लगाम
शिकायत मिलते ही मंडी पुलिस पूरी तरह से चौकस हो गई है। पुलिस की एक विशेष टीम ने मौके का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। इंदिरा मार्केट और आसपास की दुकानों व सड़कों पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर की शांति और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही आरोपियों को ट्रेस कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और देशव्यापी छात्र आंदोलन के कारण युवाओं और छात्रों के बीच केंद्र सरकार के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है। देश के विभिन्न हिस्सों में अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे छात्रों पर हाल ही में हुए लाठीचार्ज ने इस आग में घी का काम किया है। छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और लाठीचार्ज की घटनाओं से उभरे इसी गुस्से का असर अब शांत रहने वाले हिमाचल के मंडी शहर की दीवारों पर भी देखने को मिल रहा है।