#अपराध
June 21, 2026
हिमाचल : चूड़धार यात्रा पर गया युवक लापता, पता बताने वाले को परिवार देगा 10 हजार रुपये
28 वर्षीय युवक की तलाश में दर-दर भटक रहे परिजन
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आई है। यहां नौहराधार क्षेत्र के बंगाड़ी गांव का रहने वाला 28 वर्षीयी युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। युवक के ऐसे अचानक लापता हो जाने से उसका परिवार बेहद परेशान है।
बताया जा रहा है कि युवक पिछले करीब एक हफ्ते से लापता है। उसका कहीं कुछ पता नहीं चल पा रहा है। लापता बेटे की तलाश में परिजन दर-दर भटक रहे हैं और उसके सही-सलामत मिलने की कामना कर रहे हैं।
लापता युवक के परिजनों ने बताया कि बीती 12 जून, शुक्रवार को उनका बेटा ज्ञान सिंह पुंडीर घर से चूड़धार यात्रा के लिए निकला था। जहां से वो आज हफ्ता बीत जाने के बाद भी घर वापस नहीं आया है और ना ही उसका कहीं कुछ पता चल रहा है।
परिजनों ने बताया कि उन्होंने कई बार ज्ञान सिंह को फोन भी किया। मगर सामने से उसका कोई जवाब नहीं आया। इतना ही नहीं परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर हर संभव जगह पर उसकी तलाश की। मगर कहीं कोई सुराग नहीं मिल रहा है।
परिजनों ने बताया कि उसके दोस्तों व रिश्तेदारों को भी उसके बारे में कोई जानकारी नहीं थी। अब उन्हें अनहोनी का डर सता रहा है। परिजन ज्ञान सिंह के जल्द से जल्द सही-सलामत मिलने की कामना कर रहे हैं।
परिजनों ने बताया कि वो कभी किसी से बिना बताए कहीं नहीं जाता था। इसलिए यह घटना उन्हें और ज्यादा असामान्य लग रही है। परिवार ज्ञान सिंह की तलाश में दर-दर भटक रहा है। पुलिस ने भी मामले को प्राथमिकता पर लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
मामले की पु्ष्टि करते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ज्ञान सिंह की खोज के लिए आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है और CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं- ताकि किसी सुराग तक पहुंचा जा सके। इसके अलावा आसपास के पुलिस थानों में भी ज्ञान की तस्वीर भेज दी गई है। उन्होंने ज्ञान के परिवार को आश्वासन दिया है कि जल्द ही ज्ञान को ढूंढ लिया जाएगा।
उधर, ज्ञान सिंह के परिजनों ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। परिवार ने युवक का पता बताने या सुरक्षित ढूंढने में मदद करने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। उन्होंने सभी से अनुरोध किया है कि अगर किसी को ज्ञान सिंह के बारे में कोई जानकारी हो या उन्होंने उसे कहीं देखा हो, तो कृपया थाने से संपर्क करें।