#अपराध
April 30, 2026
हिमाचल : होटल के कमरे में चल रहा था नशे का खेल, पुलिस ने ढेर सारे चिट्टे और कैश संग धरे 3 पंजाबी
नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस टीम
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के मशहूर पर्यटक स्थल मनाली में पर्यटन सीजन के बीच नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में मनाली पुलिस ने नशे के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है।
पुलिस टीम ने रांगड़ी क्षेत्र के एक होटल में छापेमारी कर पंजाब के तीन युवकों को चिट्टे (हेरोइन) और नकदी के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से इलाके में नशा तस्करी के नेटवर्क पर एक और चोट मानी जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, मनाली पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रांगड़ी स्थित एक होटल में कुछ युवक नशीले पदार्थों के साथ ठहरे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देरी किए होटल के कमरा नंबर-205 में दबिश दी।
तय प्रक्रिया के तहत की गई तलाशी के दौरान कमरे से 8.570 ग्राम चिट्टा और 18 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस द्वारा पकड़े गए तीनों आरोपी पंजाब के जिला फिरोजपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक पूछताछ के बाद पुलिस ने उनके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। अब पुलिस इस बात की गहन जांच में जुटी है कि बरामद किया गया चिट्टा कहां से लाया गया था और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग भी इलाके में सक्रिय हैं।

SP कुल्लू मदन लाल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने मनाली पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि आने वाले समय में नशा तस्करों के खिलाफ ऐसे अभियान और अधिक सख्ती से जारी रहेंगे।