#अपराध
May 22, 2025
हिमाचल में नशे की खेप लेकर घूम रहे थे दो यार, पहुंचे सलाखों के पीछे- कार भी हुई जब्त
पुलिस ने लगाया था नाका- तलाशी के लिए रोकी कार
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश पुलिस टीम ने नशे के खिलाफ अभियान छेड़ रखा है। पुलिस टीम हर दिन कई तस्करों को खेप के साथ गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे डाल रही है। इसी कड़ी में अब ताजा मामला हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से सामने आया है।
यहां पर पुलिस टीम ने दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इतना ही नहीं पुलिस टीम ने आरोपियों से चिट्टा (हेरोइन) की खेप भी बरामद की है। साथ ही उनकी गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम ने NH-03 पर 16 मील के पास नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान पुलिस टीम ने एक होंडा अमेज कार को चेकिंग के लिए रोका। पुलिस को देखकर कार में सवार दोनों लोग घबरा गए।
इसी बीच पुलिस टीम ने गाड़ी की तलाशी ली- तो गाड़ी में पुलिस को 58 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कार सवार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही आरोपियों की कार को भी जब्त कर लिया।
पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी हरियाणा के अंबाला के रहने वाले हैं। आरोपियों की पहचान-
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस टीम ने दोनों लोगों के खिलाफ NDPS की धारा 21, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। अभी तक ये पता नहीं चल पाया है कि नशा तस्कर ये खेप कहां से लाए थे यहां फिर कहां बेचने जा रहे थे। पुलिस टीम द्वारा मामले की गहनता से जांच की जा रही है ताकि इस पूरे नेटवर्क का पता चल सके।
विदित रहे कि, हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है, जिससे समाज और खासकर युवा पीढ़ी पर गंभीर प्रभाव पड़ रहा है। राज्य की शांत वादियों में अब नशे का जहर फैलाने वाले तस्कर सक्रिय हो गए हैं। स्थानीय तस्करों के साथ-साथ बाहरी राज्यों से आने वाले अपराधी भी इस अवैध कारोबार में लिप्त पाए जा रहे हैं। हिमाचल पुलिस लगातार इस चुनौती से निपटने के लिए सख्त कदम उठा रही है और बाहरी तस्करों को भी गिरफ्तार कर रही है।
हिमाचल प्रदेश की सीमाएं पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर जैसे राज्यों से लगती हैं, जहां से ड्रग्स की आपूर्ति हो रही है। बाहरी तस्कर चरस, हेरोइन, अफीम और सिंथेटिक ड्रग्स हिमाचल लाकर बेच रहे हैं, जिससे राज्य के युवाओं में नशे की लत बढ़ रही है। कुल्लू, मंडी, शिमला और कांगड़ा जिलों में नशा तस्करी के मामले सबसे ज्यादा सामने आ रहे हैं।