#अपराध

July 16, 2026

हिमाचल में सास-दामाद सप्लाई करते थे चिट्टा : पुलिस को घर की अलमारी से मिली बड़ी खेप

पुलिस ने पूरे माल को कब्जे में लेकर सील कर दिया

शेयर करें:

Chitta Heroin Drug Smuggling Damtal Police Nurpur Himachal Kangra

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच नूरपुर पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। कांगड़ा जिले के डमटाल थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक घर में दबिश देकर चिट्टा बरामद किया।

 

हैरानी की बात यह रही कि इस अवैध धंधे में सास और उसका सगा दामाद मिलकर काम कर रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल पर फिर मंडराया खतरा : अगले 6 दिन भारी बारिश और फ्लैश फ्लड का हाई अलर्ट जारी

घर से चल रहा था नशे का नेटवर्क

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार डमटाल थाना की टीम बुधवार को इलाके में गश्त और नशा विरोधी अभियान पर थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गांव छन्नी की रहने वाली एक महिला अपने दामाद के साथ मिलकर घर से ही चिट्टे की बिक्री कर रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर गवाहों की मौजूदगी में घर पर छापेमारी की।

अलमारी के पास छिपाकर रखा था चिट्टा

तलाशी के दौरान पुलिस पहली मंजिल पर बने कमरे में पहुंची, जहां लकड़ी की अलमारी के पास रखे एक नीले प्लास्टिक स्टैंड की ट्रे में काले रंग का लिफाफा मिला। लिफाफे के अंदर मौजूद पाउडर की ड्रग डिटेक्शन किट से जांच की गई, जिसमें उसके चिट्टा (हेरोइन) होने की पुष्टि हुई। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर बरामद नशीले पदार्थ का वजन 11 ग्राम निकला। इसके बाद पुलिस ने पूरे माल को कब्जे में लेकर सील कर दिया।

यह भी पढ़ें- गहरी खाई में समाई HRTC बस- 22 लोग थे सवार, कंडक्टर समेत 2 लोगों की दर्दनाक मौ.त

पंजाब का रहने वाला है आरोपी दामाद

पुलिस ने इस मामले में 36 वर्षीय पिंकी निवासी गांव छन्नी, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा और उसके 26 वर्षीय दामाद आकाशदीप निवासी गांव महताबपुर, तहसील मुकेरियां, जिला होशियारपुर (पंजाब) को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ NDPS अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

नशे के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों आरोपी यह नशीला पदार्थ कहां से लाते थे और किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जाती थी। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख