#अपराध
August 10, 2025
शिमला के नामी बोर्डिंग स्कूल BCS के तीन छात्र लापता, चप्पे-चप्पे पर खोज रही पुलिस
परिजनों को फोन पर मिली बेटों के लापता होने की खबर
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आई है। शिमला के प्रतिष्ठित निजी बोर्डिंग स्कूल बिशप कॉटन के तीन स्टूडेंट्स रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए हैं।
स्टूडेंट्स के लापता होने से पूरे स्कूल में हड़कंप मचा हुआ है। बच्चों के लापता होने की खबर मिलने के बाद परिजनों में अफरा-तफरी का माहौल है। परिजन बच्चों के सही-सलामत मिलने की कामना कर रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, बीते कल वीकेंड के मौके पर स्कूल के कुछ बच्चे शिमला शहर में घूमने आए थे। शाम के समय बाकी छात्र स्कूल के हॉस्टल लौट आए। मगर तीन छात्र स्कूल वापस नहीं लौटे।
यह बात जब स्कूल प्रशासन को पता चली तो मौके पर हड़कंप मच गया। स्कूल प्रशासन ने तुरंत इस बाबत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने आनन-फानन में बच्चों की तलाश शुरू कर दी। कल शाम से लेकर अब तक तीनों स्टूडेंट्स का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि छात्रों की तलाश के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस टीमें तैनात की गई हैं। पुलिस टीम सक्रिय हो गई है। पुलिस टीम द्वारा शहर में लगे CCTV की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
साथ ही वाहनों की जांच की जा रही है- ताकि पता लगाया जा सके कि बच्चे शहर से बाहर तो नहीं चले गए हैं। बच्चों के परिजनों बच्चों के सही-सलामत मिलने की कामना कर रहे हैं। लापात बच्चे करनाल, कुल्लू और मोहाली के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
विदित रहे कि, बोर्डिंग स्कूल बिशप कॉटन एशिया के सबसे पुराने बोर्डिंग स्कूलों में से एक माना जाता है। यहां ज्यादातर छात्र बाहरी राज्यों से पढ़ने आते हैं। यहां पर बड़े-बड़े उद्योगपतियों और प्रतिष्ठित परिवारों के बच्चे पढ़ते हैं।