#अपराध
July 27, 2026
हिमाचल पंचायत में हाई वोल्टेज ड्रामा! प्रधान की पत्नी को जड़े थप्पड़, पूर्व प्रधान पर आरोप
विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान बढ़ा विवाद
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले की घुमारवीं उपमंडल स्थित औहर पंचायत में रविवार को आयोजित ग्रामसभा उस समय हंगामे में बदल गई, जब पिछले पांच वर्षों में हुए विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान दो पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि बैठक के बीच जमकर धक्का-मुक्की और मारपीट हुई।
पंचायत प्रधान ने गला दबाने और माइक छीनने का आरोप लगाया है, जबकि बीच-बचाव करने पहुंची उनकी पत्नी के साथ भी मारपीट होने का दावा किया गया है। पूरे घटनाक्रम के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया है।
पंचायत प्रधान देशराज शर्मा के अनुसार ग्रामसभा में पिछले पांच वर्षों के विकास कार्यों की समीक्षा की जा रही थी। बैठक के दौरान कुछ सदस्यों ने पूर्व पंचायत के कार्यकाल में हुए कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों को लेकर सवाल उठाए।
इसी बीच पूर्व प्रधान अपने समर्थकों के साथ सभा में पहुंचीं और समीक्षा प्रक्रिया का विरोध शुरू कर दिया। प्रधान का आरोप है कि विरोध देखते ही देखते हंगामे में बदल गया और ग्रामसभा की कार्यवाही बाधित हो गई।
देशराज शर्मा ने आरोप लगाया कि हंगामे के दौरान एक महिला ने उनका गला पकड़ लिया, हाथ से माइक छीन लिया और उनके साथ धक्का-मुक्की की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनकी पत्नी जब बीच-बचाव के लिए आगे आईं तो उनके साथ भी मारपीट की गई। घटना के दौरान उनकी पत्नी की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गईं, जिसके बाद ग्रामसभा कुछ समय के लिए रोकनी पड़ी।
घटना के बाद पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने घुमारवीं पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। पंचायत प्रधान ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
SP बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि मामले की शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस सभी पक्षों के बयान और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।