#अपराध

August 4, 2026

हिमाचल पुलिस का बस में छापा : 22 साल की युवती से मिला लाखों का चिट्टा

तलाशी में करीब 58 ग्राम चिट्टा बरामद

शेयर करें:

Himachal Pradesh news

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में चिट्टे का बढ़ता कारोबार पहले ही चिंता का बड़ा कारण बना हुआ है। चिंता की बात यह भी है कि नशे की तस्करी के मामलों में महिलाएं भी पीछे नहीं हैं और कई मामलों में उनकी संलिप्तता सामने आ चुकी है। इसी कड़ी में बिलासपुर जिले से एक और मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने बस में सवार एक युवती से ढेर सारे चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। 

चेकिंग के लिए रोकी बस

जानकारी के मुताबिक, 3 अगस्त 2026 को बिलासपुर पुलिस की टीम बलोह फोरलेन लिंक रोड, मल्यावर के पास नियमित यातायात चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक बस को जांच के लिए रोका। पुलिस ने बस में सवार यात्रियों और उनके सामान की तलाशी शुरू की। इसी दौरान एक युवती की तलाशी लेने पर पुलिस को उसके कब्जे से संदिग्ध पदार्थ बरामद हुआ।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के वीर सपूत सुनील को मिली बड़ी जिम्मेदारी, भारतीय तटरक्षक बल में बने उप महानिदेशक

तलाशी में करीब 58 ग्राम चिट्टा बरामद

पुलिस ने जब बरामद पदार्थ की जांच की तो वह चिट्टा यानी हेरोइन पाया गया। पुलिस के अनुसार, युवती के कब्जे से करीब 58 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ है। इतनी मात्रा में नशीला पदार्थ मिलने के बाद पुलिस ने युवती को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे पुलिस थाने ले जाकर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।

आरोपी की पहचान 

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार युवती की पहचान स्नेहलता (22) पुत्री मुकेश कुमार के रूप में हुई है। वह कोटखालसा, अमृतसर, पंजाब की रहने वाली बताई गई है। पुलिस अब युवती से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह बिलासपुर किस उद्देश्य से आई थी और उसके पास बरामद चिट्टा कहां से आया था।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : रातभर परिवार करता रहा इंतजार, सुबह खाई में मिली कार; अंदर पड़ी थी पटवारी की देह

घुमारवीं थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज

मामले को लेकर पुलिस थाना घुमारवीं में मुकदमा नंबर 153/2026 दर्ज किया गया है। यह मामला 3 अगस्त 2026 को दर्ज हुआ है। पुलिस ने आरोपी युवती के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

कहां से आया चिट्टा, पुलिस कर रही जांच

अब पुलिस की जांच सिर्फ चिट्टा बरामद होने तक सीमित नहीं है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवती को यह नशा किस व्यक्ति ने दिया था और वह इसे लेकर कहां जा रही थी। इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले के पीछे कोई बड़ा सप्लाई नेटवर्क तो काम नहीं कर रहा है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल पुलिस के ईमानदार सिपाही- अपराधियों पर कसते रहे शिकंजा, महकमे ने अवॉर्ड से नवाजा

बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगालेगी पुलिस

पुलिस अब चिट्टे की बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच कर रही है। यानी पुलिस यह पता लगाएगी कि नशीला पदार्थ युवती तक किस रास्ते और किस व्यक्ति के जरिए पहुंचा और इसे आगे किसे दिया जाना था। जांच में अगर किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

नशे के कारोबार से जुड़े लोगों पर पुलिस की नजर

बिलासपुर पुलिस पहले भी जिले में नशे की तस्करी के खिलाफ अभियान चला रही है। पुलिस का फोकस खास तौर पर उन लोगों तक पहुंचने पर है जो नशीले पदार्थों की सप्लाई या तस्करी में शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि नशे की एक खेप पकड़ने के साथ-साथ उसके पीछे मौजूद नेटवर्क का पता लगाना भी जरूरी है, ताकि इस अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने की दिशा में कार्रवाई की जा सके।

यह भी पढ़ें- हिमाचल हाईकोर्ट का बड़ा फैसला : बुढ़ापे में सेवा नहीं की तो लौटानी पड़ेगी जमीन...

पुलिस ने लोगों से भी सहयोग की अपील

पुलिस ने साफ किया है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस की ओर से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और चेकिंग अभियान भी चलाए जा रहे हैं। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि अगर उन्हें नशे की तस्करी या इससे जुड़ी किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना पुलिस को दें।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख