#अपराध

December 27, 2025

हिमाचल: 23 साल की शिवानी... नहीं सह पाई ससुराल वालों के ताने, शादी को हुआ था एक साल

नवविवाहिता की मौ*त पर मायका पक्ष ने किया हंगामा, सड़क पर लगाया जाम

शेयर करें:

Hamirpur News

हमीरपुर। सपनों, भरोसे और नए जीवन की उम्मीदों के साथ ससुराल पहुंची एक बेटी की जिंदगी महज एक साल के भीतर ही दर्द, डर और कथित प्रताड़ना में सिमटकर रह गई। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के भोरंज उपमंडल से सामने आया यह मामला न केवल एक परिवार की त्रासदी है, बल्कि समाज और व्यवस्था के सामने भी कई गंभीर सवाल खड़े करता है। शादी के मात्र एक वर्ष बाद ही 23 वर्षीय नवविवाहिता शिवानी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

ससुराल वालों पर मायका पक्ष के गंभीर आरोप

भोरंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत अवाहदेवी (चंबोह) गांव की रहने वाली शिवानी की तबीयत 26 दिसंबर की सुबह अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल भोरंज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रेफर कर दिया गया। लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही शिवानी ने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद मायका पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर शिवानी ने अपनी जान दी है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : नौकरी की तलाश खत्म! 10वीं पास युवाओं को भी मिलेगा मौका- होगी सीधी भर्ती, जानें

एक साल पहले हुई थी शादी

मृतका के पिता द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया कि शिवानी का विवाह नवंबर 2024 में वीरेंद्र सिंह के साथ हुआ था। शादी के कुछ समय बाद ही पति रोजगार के सिलसिले में दुबई चला गया। आरोप है कि इसके बाद शिवानी को ससुराल में छोटी-छोटी बातों पर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। इतना ही नहीं, दुबई में रह रहा पति भी फोन के माध्यम से उसे लगातार मानसिक रूप से परेशान करता था। पढ़ाई के खर्च, घरेलू जरूरतों और अन्य बातों को लेकर ताने दिए जाते थे और धमकियां भी दी जाती थीं।

प्रताड़ना से टूट गई थी शिवानी

परिजनों का कहना है कि इस लगातार तनाव और प्रताड़ना से शिवानी पूरी तरह टूट चुकी थी। मायका पक्ष का आरोप है कि इसी मानसिक दबाव के चलते शिवानी ने आत्मघाती कदम उठाया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति, सास, ससुर और देवर के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है।

 

यह भी पढ़ें : नहीं थमा IGMC विवाद: हड़ताल पर बैठे डॉक्टर, इलाज ठप- रूटीन ऑपरेशन भी नहीं होंगे

मायका पक्ष ने मांगा न्याय, जाम की सड़क

घटना के बाद क्षेत्र में भारी रोष देखने को मिला। न्याय की मांग को लेकर मायका पक्ष और स्थानीय ग्रामीणों ने शुक्रवार शाम हथली पुल पर चक्का जाम कर दिया। बड़ी संख्या में महिलाएं सड़क के बीच बैठ गईं और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी की। इस दौरान दोनों ओर का यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और कई वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहे।

पुलिस बोली हम करेंगे निष्पक्ष जांच

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीएसपी लालमन शर्मा ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया, जिसके बाद चक्का जाम हटाया गया। वहीं एसपी हमीरपुर बलवीर सिंह ठाकुर ने बताया कि मृतका के पिता के बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : कुएं के पास पड़ी मिली चप्पल, अंदर बुजुर्ग को तैरता देख कांप उठा परिवार- छाया मातम

 

एसपी ने कहा कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है और यदि कोई भी दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी तथ्यों और परिस्थितियों की जांच में जुटी हुई है। शादी के महज एक साल बाद एक बेटी का इस तरह जिंदगी से हार मान लेना न केवल दिल दहला देने वाला है, बल्कि यह सवाल भी खड़ा करता है कि आखिर कब तक बेटियां रिश्तों के नाम पर चुपचाप अत्याचार सहती रहेंगी। आज शनिवार को पुलिस के आश्वासन के बाद भारी विरोध के बीच नवविवाहिता का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख