#अपराध
March 1, 2026
हिमाचल: खड्ड में पत्थरों के बीच फंसी मिली व्यक्ति की देह, नहीं हुई पहचान; क्षेत्र में दहशत का माहौल
सुबह-सेवरे टहल रहे लोगों में मचा हड़कंप
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में आज सुबह हड़कंप मच गया। यहांं कांगड़ा रेलवे स्टेशन के पास बनेर खड्ड में एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला है। इस घटना के बाद पूरे इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, सुबह-सवेरे टहलने गए कुछ स्थानीय लोगों ने खड्ड में पत्थरों के बीच शव पड़ा देखा। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि खड्ड में पानी कम होने के कारण शव स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा था। लोगों ने तुरंत इस बाबत पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों को दूरी बनाए रखने की अपील की ताकि साक्ष्यों से छेड़छाड़ न हो।
खड्ड का क्षेत्र पत्थरों और झाड़ियों से घिरा होने के कारण शव को बाहर निकालना आसान नहीं था। पुलिस कर्मियों ने स्थानीय युवकों की मदद से सावधानीपूर्वक शव को बाहर निकाला। मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने प्रारंभिक जांच कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
फिलहाल, मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और नजदीकी बाजारों में पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही, गुमशुदगी की हालिया रिपोर्टों को भी खंगाला जा रहा है, ताकि मृतक की शिनाख्त हो सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा। प्रारंभिक तौर पर पुलिस हर पहलू दुर्घटना, आत्महत्या या किसी अन्य आपराधिक एंगल को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
घटना के बाद से रेलवे स्टेशन के आसपास और बनेर खड्ड क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुटती रही। हालांकि पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और आधिकारिक जानकारी का इंतजार करने की अपील की है। इस घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
फिलहाल, पुलिस जांच में जुटी है और मृतक की पहचान व मृत्यु के कारणों को लेकर सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है। जैसे ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पहचान से जुड़ी आधिकारिक जानकारी सामने आएगी, मामले में और स्पष्टता आने की संभावना है।