#अपराध
February 9, 2026
हिमाचल : सुबह-सवेरे ऑटो में पड़ा मिला व्यक्ति, थम चुकी थी सांसें; पुलिस को इस बात का शक
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा बड़ा राज
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। थाना कुल्लू क्षेत्र के अंतर्गत पिरड़ी के पास दिन के समय एक ऑटो रिक्शा में व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, ऑटो रिक्शा रात से लेकर सुबह तक उसी स्थान पर खड़ा रहा। दिन निकलने के बाद जब आसपास के लोगों ने ऑटो के भीतर झांककर देखा, तो व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा मिला। काफी देर तक कोई हलचल न होने पर लोगों को अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ऑटो को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान 36 वर्षीय रामनरेश पुत्र शाउनू राम के रूप में हुई है- जो कि गांव तलोगी, कुल्लू का रहने वाला था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रामनरेश ने शराब या किसी अन्य नशे का सेवन किया हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि वह रात के समय ऑटो रिक्शा में ही सो गया और अत्यधिक ठंड के कारण उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने ऑटो चालक से भी पूछताछ की है ताकि यह पता लगाया जा सके कि रामनरेश ऑटो में कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसने रात वहीं बिताई। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ऑटो चालक घटना के समय कहां था और उसने ऑटो वहीं क्यों खड़ा किया।
इस मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। यह स्पष्ट किया जा रहा है कि मामला पूरी तरह प्राकृतिक मृत्यु का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी हो सकता है। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।