#अपराध
February 15, 2026
हिमाचल: दलाई लामा की नगरी में चीनी नागरिक के बाद अब विदेशी महिला धरी, नहीं था वैध वीजा
विदेशी नागरिकों संदिग्ध पकड़े जाने से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर
शेयर करें:

धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश एक पर्यटन राज्य है। यहां बाहरी राज्यों के साथ साथ विदेशों से भी कई लोग घूमने के लिए आते हैं। लेकिन इन पर्यटकों की आड़ में कुछ संदिग्ध लोग भी हिमाचल पहुंचते हैं। अभी हाल ही में हिमाचल के कांगड़ा जिला के धर्मशाला में एक चीनी नागरिक को गिरफ्तार किया गया था। चीनी नागरिक के अवैध तरीके से भारत और हिमाचल पहुंचने के बाद से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हो गई है। सुरक्षा एजेंसियां अभी चीनी नागरिक के मामले की परतें खोल ही रही थी, कि अब एक और विदेशी नागरिक बिना वैध वीजा के गिरफ्तार की गई है।
सूत्रों के अनुसार शनिवार को नियमित गश्त के दौरान पुलिस टीम ने योंगलिंग स्कूल के पास सीढ़ियों पर बैठी एक विदेशी महिला को संदिग्ध परिस्थितियों में देखा। पूछताछ करने पर महिला ने खुद को युगांडा की नागरिक बताया। जब उससे यात्रा संबंधी दस्तावेज मांगे गए तो उसने मोबाइल फोन में पासपोर्ट और इलेक्ट्रॉनिक ट्रैवल ऑथराइजेशन की फोटो प्रति दिखाई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : सुबह-सवेरे खाई में गिरी कार- 3 की मौ.त, बचपन के दोस्तों की एक ही दिन जलेगी चिता
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उसका वीजा 31 दिसंबर को ही समाप्त हो चुका था। इसके बावजूद वह क्षेत्र में रह रही थी। मूल पासपोर्ट के बारे में पूछने पर महिला ने बताया कि वह नई दिल्ली स्थित युगांडा का दूतावास में जमा है।
ऑनलाइन दस्तावेजों और विस्तृत पूछताछ के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि महिला निर्धारित अवधि से अधिक समय से भारत में ठहरी हुई थी। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में शिवरात्रि पर मातम: गहरी खाई में गिरी कार- बिना बताए घर से निकले 3 दोस्तों की मौ.त
गौरतलब है कि इससे पहले भी मैक्लोडगंज में बिना वैध वीजा और जरूरी दस्तावेजों के एक चीनी नागरिक को गिरफ्तार किया गया था। वह फिलहाल 19 फरवरी तक न्यायिक हिरासत में है। सुरक्षा एजेंसियां उस मामले की गहन जांच कर रही हैं। उसकी गतिविधियों, संपर्कों और क्षेत्र में मौजूदगी के कारणों की पड़ताल की जा रही है। अब लगातार दूसरी गिरफ्तारी ने एजेंसियों की सतर्कता को और बढ़ा दिया है। जांच टीमें दोनों मामलों के बीच संभावित कड़ियों को भी खंगाल रही हैं, हालांकि फिलहाल किसी प्रत्यक्ष संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार महिला क्षेत्र के एक निजी भवन में रह रही थी। भवन मालिक से विदेशी नागरिकों के अनिवार्य सी.फॉर्म सहित अन्य दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विदेशी नागरिकों को ठहराने वाले सभी होटल, गेस्ट हाउस और निजी मकान मालिकों को नियमों का कड़ाई से पालन करना होगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में आस्था का सैलाब : 500 साल की हुई मंडी शिवरात्रि- मंदिरों में सुबह से ही उमड़े श्रद्धालु
धर्मशाला के पर्यटन क्षेत्र में इन घटनाओं के बाद पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है और विदेशी नागरिकों के दस्तावेजों की जांच सख्ती से की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पर्यटन नगरी की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने यह साफ कर दिया है कि प्रशासन अब किसी भी प्रकार की लापरवाही के मूड में नहीं है। आने वाले दिनों में और भी सघन जांच अभियान चलाए जा सकते हैं।