#अपराध
May 28, 2026
हिमाचल: गुस्साई पत्नी ने छीन ली पति की सांसें... कहासुनी पर दिया धक्का, डंगे से गिरा और...
लगभग 60 साल साथ रहने वाली इस जोड़ी को मामूली कहासुनी ने तोड़ दिया
शेयर करें:

हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने वैवाहिक रिश्तों की मर्यादा और सहनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सुजानपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चकोतरा गांव में मामूली कहासुनी के बाद एक पत्नी ने गुस्से में आकर अपने ही पति को ऐसा धक्का दिया कि वह सीधे डंगे से नीचे जा गिरे। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए 84 वर्षीय बुजुर्ग की चिकित्सालय में उपचार के दौरान दर्दनाक मौत हो गई।
लगभग 60 साल तक साथ रहने वाले इस बुजुर्ग दंपत्ति की जोड़ी को एक मामूली कहासुनी ने हमेशा के लिए तोड़ दिया। जिस जीवनसाथी के साथ रखीराम ने अपने जीवन के छह दशक सुख-दुख में गुजारे थे, वही साथी उनके जीवन का काल बन गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पंचायत चुनाव : नई-नवेली दुल्हन बनी प्रधान, एक महीना पहले ही हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार यह घटना हमीरपुर जिला के सुजानपुर थाना क्षेत्र के चकोतरा गांव की है। बताया जा रहा है कि 18 मई को बुजुर्ग रखीराम और उनकी पत्नी प्रेमी देवी के बीच किसी घरेलू बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गुस्से में पत्नी ने पति को धक्का दे दिया। पत्नी के धक्के से बुजुर्ग असंतुलित हो गए और पास स्थित डंगे से नीचे जा गिरे। गिरने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं और वह बुरी तरह घायल हो गए। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया।
घटना के तुरंत बाद परिजन घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए हमीरपुर अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें डॉ राजेंद्र प्रसाद चिकित्सा महाविद्यालय टांडा भेज दिया। टांडा अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया।
गांव में इस घटना के बाद हर कोई स्तब्ध है। लोगों का कहना है कि पति-पत्नी ने जीवन के कई दशक एक साथ बिताए थे, लेकिन एक छोटी सी कहासुनी ने पूरे परिवार को गहरे दुख में डुबो दिया। जिस महिला ने जीवनभर अपने पति का साथ निभाया, उसी पर अब पति की मौत का आरोप लग गया है।
उधर, घटना की सूचना मिलते ही सुजानपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।