#अपराध
June 14, 2025
हिमाचल: नशा सप्लाई करने जा रहा था शख्स, बैग में भर रखी थी चरस की बड़ी खेप
साढ़े तीन किलो से भी अधिक चरस के साथ व्यक्ति धरा
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में बढ़ते नशे के कारोबार में पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है। पुलिस हर दिन नशा तस्करों को पकड़ रही है। बावजूद इसके प्रदेश में नशा तस्करी करने वाले नहीं सुधर रहे हैं। प्रदेश में ऐसा कोई दिन नहीं बीत रहा है, जब पुलिस प्रदेश में किसी ना किसी नशा तस्कर की गिरफ्तारी ना हो रही हो। ऐसी ही एक बड़ी सफलता कुल्लू पुलिस को भी मिली है।
हिमाचल के कुल्लू जिला में पुलिस ने एक व्यक्ति को नशे की बड़ी खेप के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से पुलिस को साढ़े तीन किलो से भी अधिक चरस मिली है। पुलिस ने चरस को कब्जे में लेकर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। वहीं आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर आरोपी चरस की इतनी बड़ी खेप को कहां से लेकर आया था और उसे आगे कहां सप्लाई करने जा रहा था।
आरोपी को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स कुल्लू की टीम ने गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार एएनटीएफ कुल्लू की टीम इंस्पेक्टर गगन सिंह की अगुवाई में गश्त पर निकली थी। इसी दौरान टीम को एक व्यक्ति पर शक हुआ। शक के आधार पर व्यक्ति की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान व्यक्ति के पास से एएनटीएफ की टीम को 3ण्556 किलोग्राम चरस बरामद हुई।
यह भी पढ़ें : डिप्टी CM मुकेश अग्निहोत्री केंद्र से लाए करोड़ों की सौगात- 14 साल बाद इस क्षेत्र को मिलेगी राहत
एएनटीएफ की टीम ने चरस को कब्जे में लेकर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। चरस के साथ पकड़े गए आरोपी की पहचान 31 वर्षीय गोपाल सिंह निवासी शिववाड़ी डाकघर धाबेहर तहसील बालीचौकी जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना औट में मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ करेगी और यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि आरोपी चरस की इतनी बड़ी खेप कहां से लाया था और उसे आगे कहां सप्लाई करने जा रहा था। पुलिस का मानना है कि मामले में आरोपी से पूछताछ में कई और नाम सामने आ सकते हैं। मामले की पुष्टि करते हुए एएनटीएफ कुल्लू के डीएसपी हेमराज वर्मा ने बताया कि नशा तस्करों पर इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि कहीं भी कोई नशा बेचते या खरीदते हुए दिखे तो इसकी सूचना पुलिस को दें।