#अपराध

December 23, 2025

हिमाचल की असली पुलिस ने फर्जी पुलिस को पकड़ा: कंधे पर स्टार, गाड़ी-बन्दूक सब बरामद हुआ

दो गाड़ियों में बाउंसर्स लेकर घूम रहा था फर्जी पुलिस अधिकारी 

शेयर करें:

himachal sirmaur News

नाहन। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने एक ऐसे गिरोह को दबोचा है, जो फर्जी पुलिस अधिकारी बन कर ना सिर्फ सड़कों पर रौब झाड़ रहा था, बल्कि पुलिस की वर्दी की आड़ में किसी बड़ी आपराधिक साजिश को भी अंजाम देने की फिराक में था। पुलिस ने दो आरोपियों को हथियारों के साथ दबोचा है। जिसमें एक आरोपी ने पुलिस की वर्दी पहन रखी थी और कंधे पर स्टार लगाए हुए थे।

फर्जी पुलिस गिरोह का पर्दाफाश

दरअसल हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए एक फर्जी पुलिस गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह पुलिस की वर्दी, नीली बत्ती, हूटर और फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर खुद को विजिलेंस और सीआईडी का बड़ा अधिकारी बताकर लोगों पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा था। समय रहते कार्रवाई न होती तो यह गिरोह किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम दे सकता था।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : नौकरी की तलाश में निकली युवती नहीं लौटी घर, दर-दर भटक रहे माता-पिता

घटना सोमवार शाम की है, जब हरिपुरधार क्षेत्र में माता श्री रेणुका जी मंदिर की ओर से एक बोलेरो और एक इनोवा गाड़ी तेज हूटर बजाते हुए दाखिल हुईं। दोनों गाड़ियों पर पुलिस के बोर्ड लगे हुए थे, जबकि इनोवा में पिछली सीट पर एक व्यक्ति पुलिस की वर्दी पहने बैठा था। इस संदिग्ध गतिविधि पर ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को शक हुआ।

नाका तोड़ कर भागी पुलिस की गाड़ियां

मामले की सूचना मिलते ही रेणुका जी थाना प्रभारी प्रियंका चौहान खुद सड़कों पर उतर आई और नाका लगाकर दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया। लेकिन दोनों वाहनों के चालक बिना रूके संगड़ाह की तरफ भाग निकले। संदेह गहराने पर पुलिस ने दोनों वाहनों का पीछा शुरू किया और संगड़ाह थाना व हरिपुरधार पुलिस चौकी को अलर्ट कर दिया गया। समन्वित कार्रवाई के तहत कुछ ही दूरी पर हरिपुरधार में दोनों गाड़ियों को घेरकर डिटेन कर लिया गया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : 11 साल पहले खोए मां-बाप, आंसुओं को बनाया ताकत; पूरा किया डॉक्टर बनने का सपना

फर्जी थ्री स्टार अधिकारी का भंडाफोड़

जांच के दौरान इनोवा गाड़ी की पिछली सीट पर बैठा युवक पुलिस की वर्दी में पाया गया, जिसकी वर्दी पर हिमाचल प्रदेश पुलिस का बैज और कंधों पर तीन स्टार लगे हुए थे। पूछताछ में उसने अपना नाम उदय शर्मा (26) निवासी नयागांव मोहाली (पंजाब) बताया। जब उससे पहचान पत्र और तैनाती से जुड़े दस्तावेज मांगे गए, तो वह कभी खुद को विजिलेंस अधिकारी तो कभी सीआईडी का अफसर बताकर पुलिस को गुमराह करता रहा। कोई वैध दस्तावेज पेश न कर पाने पर पुलिस ने उसे फर्जी पुलिस अधिकारी मानते हुए हिरासत में ले लिया।

हथियारों के साथ पकड़ा गया साथी

बोलेरो गाड़ी में चालक सहित चार अन्य युवक सवार थे, जिन्होंने बताया कि उन्हें निजी सुरक्षाकर्मी यानी बाउंसर के तौर पर बुलाया गया था और उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि उनका सरगना फर्जी पुलिस अधिकारी है। वहीं, इनोवा में सवार अजय, निवासी करनाल (हरियाणा) के कब्जे से एक रिवॉल्वरए सात जिंदा राउंड और एक .315 बोर की राइफल के साथ पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

यह भी पढ़ें : हिमाचल के किसानों को दिखाया ठेंगा, चोर रास्ते से पंजाब भेजा खाद का स्टॉक- अफसरों पर गिरेगी गाज

हालांकि अजय ने हथियारों का लाइसेंस पेश किया, लेकिन उसकी वैधता केवल अन्य राज्यों तक सीमित पाई गई। हिमाचल प्रदेश में हथियार लेकर घूमना लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन था, जो सीधे तौर पर आर्म्स एक्ट के तहत अपराध है। पुलिस ने हथियार और दोनों लग्जरी गाड़ियों को जब्त कर लिया।

मास्टरमाइंड गिरफ्तार, जांच जारी

पुलिस ने मुख्य आरोपी उदय शर्मा और उसके साथी अजय के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट के तहत थाना श्री रेणुका जी में मामला दर्ज कर लिया है। एसपी सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में उदय शर्मा को इस पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड पाया गया है, जो बाउंसर्स के साथ फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर घूम रहा था।

उन्होंने बताया कि फिलहाल चार अन्य लोगों को पूछताछ के बाद छोड़ा गया है, लेकिन उन्हें भी जांच में शामिल किया जाएगा।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : गहरी खाई में गिरी पिकअप, दो लोग थे सवार- ड्राइवर नहीं बच पाया बेचारा

पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि यह गिरोह सिरमौर क्षेत्र में किस मकसद से आया था, क्या किसी को डराने-धमकाने या ठगी की योजना थी, या फिर किसी बड़ी आपराधिक साजिश को अंजाम देने की तैयारी चल रही थी। जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले की तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख