#अपराध
April 12, 2026
हिमाचल: घर से अस्पताल गया व्यक्ति अचानक हो गया गायब, तलाश में दर-दर भटक रहा परिवार
परिवार ने थक हार कर पुलिस को दी सूचना
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के अंतर्गत रामपुर क्षेत्र से एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां खनेरी अस्पताल से 40 वर्षीय एक व्यक्ति के लापता होने की खबर ने परिजनों और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। व्यक्ति चार दिनों से लापता है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला शिमला के रामपुर क्षेत्र का है। व्यक्ति किसी निजी काम के सिलसिले में रामपुर के खनेरी अस्पताल पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि 9 अप्रैल 2026 की सुबह वह अचानक बिना किसी को कुछ बताए अस्पताल परिसर से कहीं चले गए। शुरुआत में परिजनों को लगा कि वह किसी काम से बाहर गए होंगे, लेकिन जब काफी समय बीत जाने के बाद भी वह वापस नहीं लौटे, तो परिवार की चिंता बढ़ने लगी।
इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर पर अस्पताल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में उनकी तलाश शुरू की। उन्होंने अस्पताल स्टाफ और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की, लेकिन व्यक्ति के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई। लगातार तलाश के बावजूद जब उनका कोई सुराग नहीं लगा, तो मामला और गंभीर हो गया।
आखिरकार परिजनों ने इस संबंध में पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा आसपास के इलाकों में जांच की जा रही है और संभावित स्थानों पर खोजबीन जारी है। वहीं, परिजन भी लगातार विभिन्न स्थानों पर उनकी तलाश में जुटे हुए हैं और हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
लापता व्यक्ति की पहचान छेरिंग चंद्र उम्र 40 साल के रूप में हुई है, जो किन्नौर जिले के पूह तहसील के कानम गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
परिजनों ने आम जनता से भी सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा है कि यदि किसी व्यक्ति को छेरिंग चंद्र के बारे में कोई भी जानकारी मिले या वह कहीं दिखाई दें, तो कृपया तुरंत 9418574791, 9816375007 या 9459874460 पर संपर्क करें, ताकि उन्हें जल्द से जल्द सुरक्षित ढूंढा जा सके।