#अपराध
September 26, 2025
हिमाचल: पिता ने स्कूल टूर पर जाने से किया मना, नाराज 15 वर्षीय बेटी ने दुनिया ही छोड़ दी
कमरे में इस हाल में मिली बेटी
शेयर करें:

नाहन। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां माता पिता से नाराज होकर एक 15 साल की बेटी ने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी है। बेटी को खोने के बाद अब माता पिता भी पछता रहे हैं कि अगर बेटी को रजामंदी दे दी होती तो आज उनकी बेटी उनके साथ होती। इस घटना से परिवार गहरे सदमे में है। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है।
मामला सिरमौर जिला के नाहन शहर से सामने आया है। यहां 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : नदी में डूबे भाइयों की हरियाणा से मिली देह, दोनों का एक साथ होगा अंतिम संस्कार
प्राप्त जानकारी के अनुसार वीरवार शाम करीबन 7 बजे के आसपास छात्रा ने अपने पिता से स्कूल की ओर से आयोजित मथुरा भ्रमण पर जाने की अनुमति मांगी थी। लेकिन पिता ने इस समय पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह देते हुए टूर की अनुमति देने से इनकार कर दिया। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक इस बात को लेकर छात्रा काफी निराश और व्यथित नजर आ रही थी।
इसके बाद वह अपने कमरे में चली गई। थोड़ी देर बाद जब मां ने बेटी को रात के खाने के लिए बुलाया और दरवाजा खटखटाया, तो कोई उत्तर नहीं मिला। जब दरवाजा खोला गया, तो छात्रा कमरे में मां के दुपट्टे से पंखे के सहारे लटकी हुई पाई गई। यह हृदयविदारक दृश्य देखकर मां बेहोश हो गईं। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से छात्रा को तत्काल डॉ वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अस्पताल प्रशासन द्वारा रात करीब 8:28 बजे पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा ने बताया कि शव का निरीक्षण महिला पुलिस की उपस्थिति में किया गया। गले पर यू.आकार के फंदे का निशान पाया गया है, जबकि शरीर पर किसी प्रकार की चोट का कोई निशान नहीं मिला है।
पुलिस ने मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 194 बीएनएसएस के अंतर्गत दर्ज कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जो शुक्रवार को आएगी। प्रारंभिक जांच में छात्रा की आत्महत्या का कारण स्कूल टूर की अनुमति न मिलना बताया जा रहा है, हालांकि अन्य कोणों से भी जांच की जा रही है।