#अव्यवस्था
May 1, 2025
हिमाचल: वार्ड मेंबर का कमाल- स्वर्ग सिधारी सास की मनरेगा में लगा दी हाजिरी, ऐसे खुली पोल
वार्ड पंच पर सास के नाम से फर्जी उपस्थिति दर्ज करवाने का आरोप
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के विकास खंड सराज की एक ग्राम पंचायत में मनरेगा कार्य में चौंकाने वाला फर्जीवाड़ा सामने आया है। पंचायत में एक ऐसी महिला की उपस्थिति दर्ज की गई है जिसकी मृत्यु काफी पहले हो चुकी थी, लेकिन इसके बावजूद मनरेगा के तहत 12 दिन की मजदूरी का भुगतान 3600 रुपये उसके बैंक खाते में ट्रांसफर करवा दिया गया।
आरोप है कि पंचायत की एक महिला वार्ड पंच ने यह उपस्थिति अपनी मृत सास के नाम से दर्ज की। 15 से 30 अप्रैल के बीच गांव में रास्ते के निर्माण का काम चला, जिसका मस्टररोल खुद वार्ड पंच के नाम पर जारी हुआ। सोशल मीडिया पर वायरल दस्तावेजों से खुलासा हुआ कि मृत महिला की हाजिरी 12 दिन के लिए दर्ज की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब महिला जीवित ही नहीं थी, तो वह कार्य कैसे कर सकती थी? अब सवाल उठ रहा है कि इस खाते से पैसे की निकासी कैसे होगी और क्या इसमें और लोग भी शामिल हैं? गांव के लोगों ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है और खंड विकास अधिकारी से जल्द कार्रवाई करने की अपील की है।
खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) सराज, प्रियंका वर्मा ने बताया कि अभी तक इस मामले में उन्हें कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यदि शिकायत मिलती है तो नियमानुसार जांच की जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।