#अव्यवस्था
May 18, 2026
'सुक्खू सरकार के दावों की खुली पोल' : नहीं हुआ पुरुषों का बच्चेदानी ऑपरेशन, RTI में खुलासा
डॉक्टर जनक राज बोले- मेडिकल साइंस का मजाक बना रही सरकार
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में हिमकेयर और आयुष्मान योजना को लेकर सियासी संग्राम तेज हो गया है। भरमौर से भाजपा विधायक और पेशे से न्यूरोसर्जन डॉ. जनक राज ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गरीबों के लिए शुरू की गई स्वास्थ्य योजनाओं को बदनाम करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि हिमकेयर योजना में घोटाले को लेकर सरकार खुद अपने दावों में उलझ चुकी है और बिना तथ्यों के जनता को गुमराह किया जा रहा है।
डॉ. जनक राज ने कहा कि पहले विधानसभा के बजट सत्र में हिमकेयर योजना में 1100 करोड़ रुपये के घोटाले का दावा किया गया, लेकिन बाद में यही आंकड़ा घटाकर 110 करोड़ रुपये कर दिया गया।
इसके बाद पुरुषों के बच्चेदानी (यूट्रस) ऑपरेशन जैसे दावे सामने लाए गए, जिन्हें उन्होंने पूरी तरह भ्रामक बताया। उन्होंने कहा कि सरकार खुद स्पष्ट नहीं कर पा रही कि वह आखिर साबित क्या करना चाहती है।
भाजपा विधायक ने दावा किया कि RTI के माध्यम से इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज शिमला और डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा से जो आंकड़े प्राप्त हुए हैं, उनमें कहीं भी पुरुष मरीज के बच्चेदानी ऑपरेशन का कोई मामला सामने नहीं आया। उन्होंने कमला नेहरू अस्पताल शिमला में हुए ऑपरेशनों का वर्षवार आंकड़ा भी साझा किया।
डॉ. जनक राज ने कहा कि जिन चार मामलों को सरकार लगातार घोटाले के तौर पर पेश कर रही है, उनमें कोई सर्जरी नहीं हुई थी। संबंधित मरीज कैंसर से पीड़ित थे और उन्हें केवल कीमोथेरेपी दी गई थी। उन्होंने कहा कि पैकेज एडजस्टमेंट और डॉक्यूमेंटेशन प्रक्रिया के कारण तकनीकी एंट्री हो सकती है, लेकिन इसमें किसी तरह का फर्जी भुगतान या वित्तीय घोटाला नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान देकर सरकार ने पूरे चिकित्सा जगत की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई है। डॉ. जनक राज ने कहा कि हिमाचल के मेडिकल कॉलेजों से पढ़े डॉक्टर देश और विदेश के बड़े संस्थानों में सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में बिना तथ्यों के बयान देना डॉक्टरों और मेडिकल साइंस का मजाक उड़ाने जैसा है।
भाजपा विधायक ने कांग्रेस सरकार पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए बहुचर्चित चेस्टर हिल लैंड स्कैम का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने दावा किया कि इस मामले में बड़े अधिकारियों के नाम सामने आए हैं, लेकिन सरकार कार्रवाई करने के बजाय मामले को दबाने में लगी है। उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों के नाम संदिग्ध सूची में हैं, उन्हें बचाने की कोशिश हो रही है।
डॉ. जनक राज ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस सरकार को खुली चुनौती देते हुए कहा कि यदि आरोपों में सच्चाई है तो सरकार पूरे तथ्य सार्वजनिक करे। उन्होंने कहा कि हिमकेयर जैसी गरीब हितैषी योजना को बदनाम कर बंद करने का प्रयास नहीं होना चाहिए, क्योंकि इसका सबसे ज्यादा लाभ गरीब और जरूरतमंद लोगों को मिलता है।