#अव्यवस्था
November 3, 2025
हिमाचल : शहर में कुत्ते ने मचाया आतं*क, 3 घंटे में 24 लोग पहुंचे अस्पताल- फैली दहशत
हमीरपुर में आवारा कुत्ते का कह
शेयर करें:

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश इन दिनों आवारा कुत्तों ने बुरी तरह आतंक मचाया हुआ है। रोजाना कहीं न कहीं से कुत्तों द्वारा लोगों को काटने की खबरें आना आम सी बात हो गई। ताज़ा मामला प्रदेश के जिला हमीरपुर से सामने आया है, जहां करीब तीन घंटे में एक कुत्ते ने 24 लोगों को काट लिया, जिनमें बच्चे, बुजुर्ग और काम पर जा रहे युवक शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, हमीरपुर जिले के सुजानपुर शहर में रविवार सुबह एक भूरे रंग के आवारा कुत्ते ने ऐसा कहर मचाया कि लोग घरों से बाहर निकलने से डरने लगे। सुबह लगभग 7 बजे यह घटना शुरू हुई, जब सुजानपुर मुख्य बस स्टैंड से सिद्धू चौक स्थित बाबा स्वरूप गिर मंदिर के पास सड़क किनारे चल रहे दो लोगों पर कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया।
इसके बाद कुत्ता लगातार अलग-अलग गलियों में घूमता रहा और जो भी उसके सामने आया, उस पर झपट पड़ा। लगभग 10 बजे तक यह आतंक जारी रहा और तीन घंटे में कुत्ते ने 24 लोगों को काट लिया। सभी घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल सुजानपुर पहुंचाया गया, जहाँ डॉक्टरों की टीम ने उनका इलाज शुरू किया और एंटी-रेबीज टीके लगाए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि, कुत्ता बेहद आक्रामक था और तेज़ी से झपटते हुए हमला कर रहा था, जिससे कई लोगों को गहरे घाव आए हैं। स्थिति बिगड़ती देख एसडीएम सुजानपुर विकास शुक्ला और नगर परिषद अधिकारी रमन कुमार शर्मा मौके पर पहुँचे और पशु नियंत्रण विभाग को कुत्ते को पकड़ने के निर्देश दिए। हालांकि कई घंटों की कोशिशों के बावजूद कुत्ता अब तक पकड़ में नहीं आया है।
खंड स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ने बताया कि अब तक 24 घायल व्यक्तियों का इलाज किया जा चुका है और सभी को आवश्यक दवाइयां उपलब्ध करवाई गई हैं। उन्होंने बताया कि जब वे स्वयं अस्पताल पहुँच रहे थे, तभी कुत्ते ने उन पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन वे किसी तरह बच निकले।
यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में अपने पुराने आदेश में संशोधन करते हुए कहा है कि नसबंदी और टीकाकरण के बाद ही आवारा कुत्तों को उनके मूल क्षेत्र में छोड़ा जाए, लेकिन रेबीज या आक्रामक व्यवहार वाले कुत्तों को अलग रखा जाए। बावजूद इसके, सुजानपुर जैसी घटनाएँ यह दिखाती हैं कि ज़मीनी स्तर पर अभी भी इस दिशा में ठोस काम बाकी है।