#अव्यवस्था
April 16, 2026
हिमाचल : मां की गोद सूनी कर गया अस्पताल, 8 दिन की बच्ची के मौ.त पर जमकर हंगामा
परिजनों ने सीएम हेल्पलाइन नंबर पर दर्ज करवाई शिकायत
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के सुंदरनगर स्थित सिविल अस्पताल में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। जहां उपचार के दौरान 8 दिन की एक नवजात बच्ची की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं और ड्यूटी पर तैनात रात्रि स्टाफ पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
परिजनों के अनुसार, 11 अप्रैल को बच्ची को पीलिया (जॉन्डिस) के उपचार के लिए अस्पताल के फोटोथैरेपी वार्ड में भर्ती कराया गया था। शुरुआत में बच्ची का इलाज सामान्य रूप से चल रहा था। मगर आरोप है कि रात के समय वार्ड में मौजूद स्टाफ ने बच्ची की पर्याप्त निगरानी नहीं की।
परिजनों का कहना है कि इलाज के दौरान बच्ची ने दो बार अपनी ड्रिप हटा दी। मगर समय रहते उसे दोबारा सही तरीके से नहीं लगाया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वार्ड का तापमान भी नवजात के लिए अनुकूल नहीं था, जिससे उसकी हालत धीरे-धीरे बिगड़ती चली गई।
आखिरकार उपचार के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया। इस घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि अगर समय पर उचित देखभाल और निगरानी की जाती, तो बच्ची की जान बचाई जा सकती थी।
मामले को लेकर परिजनों ने मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन 1100 पर भी औपचारिक शिकायत दर्ज करवाई है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, इस पूरे मामले पर अस्पताल प्रशासन ने सफाई देते हुए कहा है कि बच्ची का इलाज पूरी सावधानी और निर्धारित चिकित्सीय मानकों के अनुसार किया जा रहा था।
सिविल अस्पताल सुंदरनगर के प्रभारी अधिकारी डॉ. चमन सिंह ठाकुर के अनुसार, सभी जरूरी चिकित्सा प्रक्रियाओं का पालन किया गया। मगर बच्ची की हालत नाजुक थी और उसे बचाया नहीं जा सका।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अस्पताल प्रबंधन को अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। हालांकि, मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने जांच के संकेत दिए हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कहीं किसी स्तर पर कोई चूक तो नहीं हुई।