शिमला। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला (IMD) के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के सक्रिय होने से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इसका असर आज रात से ही दिखना शुरू हो सकता है, जबकि कल यह सिस्टम और अधिक प्रभावी रहेगा।

हिमाचल में बारिश-बर्फबारी

मौसम विभाग के मुताबिक चंबा, किन्नौर, लाहौल-स्पीति और कुल्लू जिलों की अधिक ऊंचाई वाली चोटियों पर आज देर रात हल्का हिमपात हो सकता है। इसके बाद कल पश्चिमी विक्षोभ के मजबूत होने से पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहने की संभावना है। इस दौरान ऊपरी इलाकों में बर्फबारी और निचले व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश दर्ज की जा सकती है।

यह भी पढ़ें: RDG को लेकर टेंशन में CM सुक्खू, वित्त विभाग ने गिनवाए संकट- बदल सकती है OPS

6 जिलों में अलर्ट जारी

IMD ने शिमला, कुल्लू, कांगड़ा, चंबा, मंडी, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। इन जिलों की ऊंची पहाड़ियों पर बर्फ गिरने के साथ-साथ कई स्थानों पर तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है। तेज आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने की आशंका है। अनुमान है कि कुछ क्षेत्रों में हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे ठंड में और इजाफा होगा।

सावधानी बरतने की अपील

मौसम खराब रहने के चलते प्रशासन और मौसम विभाग ने स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों से भी सावधानी बरतने की अपील की है। विशेष रूप से अधिक ऊंचाई वाले और बर्फबारी संभावित इलाकों की ओर यात्रा न करने की सलाह दी गई है, क्योंकि फिसलन और दृश्यता कम होने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है।

यह भी पढ़ें: हिमाचल : फोरलेन पर काम में जुटे सुपरवाइजर पर गिरी पहाड़ी, नहीं बच पाया बेचारा- परिवार में मातम

कब साफ होगाा मौसम?

मौसम विभाग का कहना है कि यह पश्चिमी विक्षोभ अल्पकालिक रहेगा। 11 फरवरी से प्रदेश में मौसम के पूरी तरह साफ होने की संभावना है और 15 फरवरी तक अधिकांश क्षेत्रों में धूप खिली रहेगी। इसी कारण फरवरी के महीने में दिन के समय लोगों को हल्की गर्मी का एहसास हो रहा है।

कई इलाकों में कोहरा

हालांकि, रात के समय तापमान में अधिक बढ़ोतरी नहीं हो पाई है। कई इलाकों में सुबह और रात के वक्त कोहरा पड़ने के कारण न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि बारिश और बर्फबारी के बाद तापमान में फिर गिरावट दर्ज की जा सकती है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें