नगरोटा सूरियां कांगड़ा।  हिमाचल प्रदेश में मानसून की आफतभरी बारिश के बीच उफान पर बहती खड्डों और नदियों में उतरना कितना जानलेवा साबित हो सकता है, इसकी एक रोंगटे खड़े कर देने वाली तस्वीर कांगड़ा जिले से सामने आई है। नगरोटा सूरियां स्थित गज खड्ड में बरसात के दिनों में खनन सामग्री भरना एक ट्रैक्टर चालक और उसके मजदूरों को बेहद भारी पड़ गया।

 

शनिवार को जब मजदूर खड्ड के बीचों-बीच ट्रैक्टर-ट्रॉली में खनन सामग्री (रेत-बजरी) भर रहे थे, तभी अचानक ऊपर से पानी का भारी सैलाब आ गया। देखते ही देखते ट्रैक्टर पानी के तेज बहाव में बह गया। हालांकि, गनीमत यह रही कि ट्रैक्टर पर सवार चारों मजदूरों ने समय रहते फुर्ती दिखाई और पानी के बीच से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था।

ट्रैक्टर छोड़कर भागे मजदूर

अचानक पानी का रौद्र रूप देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मजदूरों ने पहले ट्रैक्टर को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन बहाव लगातार बढ़ता गया। हालात बिगड़ते देख चारों मजदूरों ने अपनी जान बचाने के लिए ट्रैक्टर छोड़ दिया और किसी तरह सुरक्षित किनारे तक पहुंचने में सफल रहे। कुछ ही देर बाद तेज बहाव ट्रैक्टर को अपने साथ बहाकर ले गया।

 

यह भी पढ़ें : चीखों से दहली पांगी घाटी: गमगीन माहौल में 13 का अंतिम संस्कार, कई घरों से उठीं दो-दो अर्थि...

जेसीबी की मदद से निकाला ट्रैक्टर

घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर जेसीबी मशीन बुलाई गई। काफी देर तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद कड़ी मशक्कत करते हुए बहाव में फंसे ट्रैक्टर को बाहर निकाला गया। हालांकि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन ट्रैक्टर को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है।

बरसात में खड्डों में खनन पर उठे सवाल

इस घटना के बाद बरसात के मौसम में खड्डों और नदी-नालों में किए जा रहे खनन को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में जलस्तर कभी भी अचानक बढ़ सकता है, जिससे ऐसे स्थानों पर काम करना बेहद जोखिम भरा साबित हो सकता है।

 

यह भी पढ़ें : शिक्षा मंत्री के इस्तीफा: कॉकरोच जनता पार्टी का आंदोलन खत्म, नड्डा की मौजूदगी में तीनों मांगों पर बनी सहमति

प्रशासन ने बरसात में सतर्क रहने की अपील

लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और खड्डों के आसपास अनावश्यक जाने से बचने की अपील की है। विशेष रूप से खनन कार्य से जुड़े लोगों को मौसम की चेतावनियों का पालन करने और खराब मौसम के दौरान खड्डों में काम नहीं करने की सलाह दी गई है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें