शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। IMD के शिमला केंद्र ने रविवार को प्रदेश के कई जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

हिमाचल में खूब सताएगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, मंडी, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला, सिरमौर, सोलन, बिलासपुर, हमीरपुर, ऊना और चंबा जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी वर्षा दर्ज की जा सकती है।

यह भी पढ़ें : करगिल दिवस स्पेशल- हिमाचल के 52 बेटों से थर-थर कांपे थे दुश्मन, नहीं झुकने दिया तिरंगा

भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा

लगातार बारिश के चलते प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन, चट्टानें गिरने, अचानक बाढ़, जलभराव और छोटे नदी-नालों के उफान पर आने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

यातायात हो सकता है प्रभावित

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के कारण कई पहाड़ी मार्गों पर यातायात प्रभावित हो सकता है। सड़कों पर मलबा आने और रास्ते बंद होने की आशंका भी जताई गई है।

यह भी पढ़ें : करगिल जंग के गुमनाम हीरो- पहली सैलरी लेने से पहले ही शहीद हो गए थे सौरभ कालिया

अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह

IMD ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। नदी-नालों, खड्डों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें। साथ ही मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी ताजा अपडेट पर लगातार नजर रखें। वाहन चालकों को भी पहाड़ी मार्गों पर अतिरिक्त सावधानी बरतने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा बारिश का दौर

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी प्रदेश में मानसून सक्रिय बना रहेगा और कई क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

यह भी पढें: हिमाचल के जाबांज सिपाही ने करगिल में दी थी शहादत- अब बेटा भी फौज में, पत्नी को गर्व

हेल्पलाइन नंबर भी जारी

प्रशासन ने लोगों से किसी भी आपात स्थिति में पुलिस और प्रशासन की हेल्पलाइन पर संपर्क करने तथा अफवाहों से बचने की अपील की है। मौसम विभाग ने कहा है कि वह मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर समय-समय पर नया पूर्वानुमान जारी किया जाएगा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें