शिमला। हिमाचल प्रदेश में गर्मी ने अचानक अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है और आज मैदानी इलाकों में लोगों को तेज हीटवेव का सामना करना पड़ा। खासकर कांगड़ा के धर्मशाला, ऊना और कुल्लू के भुंतर जैसे इलाकों में दोपहर के समय इतनी गर्म हवा चली कि लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। अप्रैल के महीने में इस तरह की गर्मी ने लोगों को हैरान भी कर दिया है।

इस जिले में सबसे हाई तापमान 

अगर तापमान की बात करें तो ऊना सबसे ज्यादा गर्म रहा। यहां का पारा सीधे 41.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 6 डिग्री ज्यादा है। यही नहीं, ये इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन भी बन गया है। हालांकि ऊना का अप्रैल महीने का ऑल टाइम रिकॉर्ड अभी भी 30 अप्रैल 2022 का 43.2 डिग्री बना हुआ है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में मजे कर रहा था पंजाबी गैंगस्टर, पुलिस ने मिलकर बिछाया जाल- गिरफ्त में आए कुल 8 लोग

तापमान सामान्य से करीब 5.1 डिग्री ऊपर 

सिर्फ ऊना ही नहीं, बाकी जिलों में भी गर्मी का जोर साफ देखने को मिला। कांगड़ा में तापमान 37.2 डिग्री तक पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 8 डिग्री ज्यादा है। सुंदरनगर में 36 डिग्री, मंडी में 36.2 डिग्री और बरठी में 35.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। पूरे प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान भी सामान्य से करीब 5.1 डिग्री ऊपर चला गया है, जो बताता है कि गर्मी इस बार तेजी से बढ़ रही है।

चार जिलों में यलो अलर्ट जारी 

हालांकि इस बढ़ती गर्मी के बीच लोगों के लिए राहत की खबर भी है। मौसम विभाग के मुताबिक आज शाम से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव हो रहा है। इसके असर से चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और शिमला के कुछ इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं और मौसम थोड़ा बदल सकता है। इसी को देखते हुए इन चार जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है, ताकि लोग पहले से सतर्क रह सकें।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में नया जमीन घोटाला: 200 करोड़ की जमीन का कौड़ियों में सौदा, सवालों के घेरे में SDM

बारिश होने की संभावना 

शुक्रवार को किन्नौर जिले के सांगला में 0.4 मिलीमीटर और कल्पा में 0.1 मिलीमीटर हल्की बारिश भी रिकॉर्ड की गई, लेकिन इसका असर ज्यादा नजर नहीं आया। मौसम विभाग का कहना है कि 26 और 27 अप्रैल को ये वेस्टर्न डिस्टर्बेंस थोड़ा कमजोर पड़ जाएगा, लेकिन 28 से 30 अप्रैल के बीच फिर से पहाड़ी इलाकों में बारिश होने की संभावना बन रही है।

पहाड़ी इलाकों में भी हो रही है गर्मी

अब हैरानी की बात ये है कि सिर्फ मैदानी इलाके ही नहीं, बल्कि ऊंचाई वाले और ठंडे माने जाने वाले इलाके भी गर्म होने लगे हैं। शिमला का तापमान 27.6 डिग्री तक पहुंच गया है, जो सामान्य से 5.1 डिग्री ज्यादा है। वहीं मनाली का तापमान भी 26.8 डिग्री हो गया है, जो करीब 4.3 डिग्री ज्यादा है। यानी अब पहाड़ों में भी गर्मी का असर साफ महसूस होने लगा है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें