शिमला। हिमाचल प्रदेश में ताज़ा बारिश और बर्फबारी ने जहां पहाड़ों को सफेद चादर से ढक दिया है, वहीं जनजीवन पर इसका गहरा असर भी देखने को मिल रहा है। ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण सड़कों की आवाजाही ठप हो गई है और बिजली आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई है। हालांकि राहत की बात यह है कि विभागों ने मोर्चा संभालते हुए बहाली का काम तेज कर दिया है।

361 सड़कें अभी भी बंद

प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अब भी 361 सड़कें बहाल नहीं हो पाई हैं। बर्फ जमने और भूस्खलन के कारण कई ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क पूरी तरह कटा हुआ है।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार शिमला जोन के तहत 97 सड़कें अभी भी बंद हैं। विभाग ने शुक्रवार को 93 सड़कों को खोलने का लक्ष्य रखा है, जिनमें से कई पर शाम तक वाहनों की आवाजाही शुरू भी हो गई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में अलगे 4 दिन जमकर होगी बारिश-बर्फबारी, आंधी-तूफान भी आएगा; सभी 12 जिलों में अलर्ट जारी

मंडी और कांगड़ा जोन की स्थिति

मंडी जोन में 225 सड़कों पर अब भी वाहनों के पहिए थमे हुए हैं, जबकि कांगड़ा जोन में 38 सड़कें बहाली का इंतजार कर रही हैं। विभाग का कहना है कि तीनों जोन में बंद पड़ी सड़कों को खोलने के लिए अगले दो दिनों का लक्ष्य तय किया गया है। इसमें कुल्लू जिले का एनएच-305 और लाहुल-स्पीति जिले के एनएच-03 व एनएच-505 भी शामिल हैं।

436 ट्रांसफार्मर ठप, सैकड़ों गांव अंधेरे में

बर्फबारी का सबसे ज्यादा असर बिजली व्यवस्था पर पड़ा है। प्रदेश में शुक्रवार शाम छह बजे तक 436 ट्रांसफार्मर ठप पड़े हुए हैं। प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड ने बताया कि बीते छह दिनों में 12 हजार से अधिक ट्रांसफार्मरों को दुरुस्त कर बिजली आपूर्ति बहाल की जा चुकी है, लेकिन दुर्गम इलाकों में काम अभी जारी है।

 

यह भी पढ़ें : ब्रेकिंग: विक्रमादित्य सिंह के बाद एक और मंत्री भड़के- DC मंडी के खिलाफ लाया प्रिविलेज मोशन 

थलौट में सबसे ज्यादा ट्रांसफार्मर बंद

कुल्लू जिले के थलौट उपमंडल में सबसे ज्यादा 148 ट्रांसफार्मर शोपीस बने हुए हैं। इसके अलावा कुल्लू में 34 और मनाली में पांच ट्रांसफार्मर बंद हैं। चंबा जिले में कुल 50 ट्रांसफार्मर ठप हैं, जिनमें भरमौर (23), पांगी (11), तीसा (8), डलहौजी (3) और सलूणी क्षेत्र शामिल हैं।

 

यह भी पढ़ें : एनजीटी की बड़ी कार्रवाई: विक्रमादित्य सिंह के विभाग पर लगा 47.14 लाख का भारी जुर्माना; जानें क्यों

चौपाल में 85 ट्रांसफार्मर बंद

शिमला जिले के चौपाल सब-डिवीजन में 85 ट्रांसफार्मर अब भी बंद हैं। डोडरा-क्वार में 25 जबकि कुपवी और रामपुर में तीन-तीन ट्रांसफार्मर प्रभावित हैं। मंडी जिले में 57, सिरमौर में 13, लाहुल-स्पीति में 11 और किन्नौर जिले में अब भी दो ट्रांसफार्मर ठप पड़े हुए हैं।

अगले दो दिन अहम

प्रशासन और विभागों का दावा है कि मौसम के अनुकूल रहते ही अगले दो दिनों में अधिकतर सड़कें और बिजली आपूर्ति बहाल कर ली जाएगी। फिलहाल लोगों से अपील की गई है कि अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें। बता दें कि मौसम विभाग के अलर्ट के बीच आने वाले दिनों में बिजली बहाल करने में समय लग सकता है। प्रदेश में अलगे 4 दिन भारी बर्फबारी का अलर्ट जारी है। 

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें