शिमला। हिमाचल प्रदेश का मौसम एक बार फिर बिगड़ने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार 9 से 11 फरवरी तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं 10 फरवरी को पूरे प्रदेश में बारिश की संभावना है। इस सब में राहत की बात ये है कि बर्फबारी से हिमालयी ग्लेशियरों को राहत मिली है।
पूरे प्रदेश में होगी बारिश
पश्चिमी विक्षोभ के चलते 9 फरवरी से मौसम में बदलाव आ सकता है। इस दिन किन्नौर, लाहौल-स्पीति, चंबा व कुल्लू के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं 10 फरवरी को पूरे प्रदेश का मौसम बदल सकता है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल सरकार ने लिया बड़ा फैसला : कल से लागू होगा नया कानून, जानें क्या और क्यों
चलेगी तेज रफ्तार हवाएं
9 से 11 फरवरी के दौरान कई क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इतना ही नहीं, गरज के साथ बिजली चमकने को लेकर भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 12 फरवरी से प्रदेश में मौसम के फिर से साफ होने की संभावना है।
ग्लेशियर के लिए राहत
प्रदेश में 23 जनवरी से अबतक 5 बार बर्फबारी हो चुकी है। हिमालयी क्षेत्रों में 11 दिनों के अंदर हुई बर्फबारी से लगातार सिकुड़ रहे ग्लेशियरों को राहत मिली है। ग्लेशियरों पर 15 से 20 फीट तक बर्फ की मोटी परत जम गई है।
ग्लेशियर पिघलना स्लो
जलवायु परिवर्तन और बढ़ते तापमान के दबाव से जूझ रहे ग्लेशियरों के लिए बर्फबारी संजीवनी मानी जा रही है। बर्फबारी के बाद पर्वतीय क्षेत्रों में दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है जिससे ग्लेशियरों के पिघलने की प्रक्रिया धीमी हो गई है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल पर गहराया आर्थिक संकट : कर्मचारियों को नहीं मिलेगा DA-एरयिर, जनता पर भी पड़ेगा असर
ना रखें लापरवाह रवैया
कल से बदलने वाले मौसम को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में आम नागरिकों को इस अलर्ट को गंभीरता से लेकर उसी के अनुसार बर्ताव रखना चाहिए। बिगड़ते मौसम में किसी भी प्रकार की लापरवाही आपको जोखिम में डाल सकती है।
