मंडी। हिमाचल प्रदेश में लगातार सामने आ रही ऐसी दुखद घटनाएं चिंता बढ़ा रही हैं। आए दिन किसी न किसी जिले से परिवारों के उजड़ने की खबरें सामने आ रही हैं। ताजा मामला मंडी जिले के गोहर उपमंडल का है, जहां एक 22 वर्षीय विवाहिता घर के कमरे में फंदे से लटकी मिली।
2 साल की मासूम से खोई मां
पुलिस मामले के हर पहलू की जांच में जुटी है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। मृतका अपने पीछे दो साल की मासूम बेटी छोड़ गई है। मासूम की आंखें मां को ढूंढ रही हैं।
यह भी पढ़ें- HRTC का बड़ा फर्जीवाड़ा : इंस्पेक्टर गायब, कंडक्टर ने खुद ही बना दी चेकिंग रिपोर्ट- 3 सस्पेंड
घर में अकेली थी विवाहिता
जानकारी के अनुसार, यह घटना मंडी जिले के गोहर उपमंडल की देवधार पंचायत के तनेली गांव की है। मृतका की पहचान 22 वर्षीय भूपेंद्र कुमारी, पत्नी यशपाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय घर पर कोई बड़ा सदस्य मौजूद नहीं था।
दिहाड़ी-मजदूरी करता है पति
मृतका का पति यशपाल दिहाड़ी-मजदूरी के सिलसिले में लाहौल गया हुआ था, जबकि उसकी सास भी किसी काम से घर से बाहर गई हुई थीं। इसी दौरान भूपेंद्र कुमारी ने घर के कमरे में फंदा लगा लिया। जब परिजन वापस लौटे तो उन्होंने उसे फंदे से लटका हुआ पाया। इसके बाद तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई।
यह भी पढें: हिमाचल के जाबांज सिपाही ने करगिल में दी थी शहादत- अब बेटा भी फौज में, पत्नी को गर्व
परिजनों को सौंपा शव
सूचना मिलते ही गोहर पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया।
मायके पक्ष ने नहीं जताया कोई संदेह
पुलिस ने मृतका के मायके पक्ष के बयान भी दर्ज किए। मायके वालों ने किसी भी व्यक्ति पर कोई संदेह या आरोप नहीं लगाया है। इसी आधार पर फिलहाल ससुराल पक्ष के किसी सदस्य के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।
यह भी पढें: हिमाचल में खूब सताएगा मौसम- 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, भूस्खलन-फ्लैश फ्लड का खतरा
BNS की धारा 194 के तहत जांच
पुलिस ने BNSS की धारा 194 के तहत मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है।
मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
