कांगड़ा। कभी-कभी जिंदगी के कुछ फैसले और हालात इतने भारी पड़ जाते हैं कि इंसान अपने दर्द को किसी से कह भी नहीं पाता। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला में भी एक ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां बैजनाथ उपमंडल स्थित चौबीन क्षेत्र में एक युवक का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।
कमरे में मिला युवक का शव
मृतक की पहचान शुभकरण पुत्र रघुबीर सिंह निवासी चौबीन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार परिजनों को युवक का शव घर के एक कमरे में मिला। उसके गले पर फंदे के निशान पाए गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए।
यह भी पढ़ें- सुक्खू सरकार ने बेरोजगार युवाओं को दी बड़ी सौगात : आधे दाम में खरीद सकेंगे ई-टैक्सी और ई-रिक्शा
प्रेम-प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा मामला
प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि शुभकरण का एक युवती के साथ प्रेम संबंध था, लेकिन युवती के परिजनों की असहमति के कारण दोनों का विवाह नहीं हो सका। इसी बात से आहत होकर युवक द्वारा यह कदम उठाने की आशंका जताई जा रही है।
मौके से बरामद हुआ सुसाइड नोट
पुलिस ने घटनास्थल से एक हस्तलिखित सुसाइड नोट के अलावा आत्महत्या में प्रयुक्त दुपट्टा और मफलर भी कब्जे में लिया है। परिजनों ने भी फिलहाल किसी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में सियासी उलटफेर- बहुमत वाली कांग्रेस नहीं बचा पाई उपाध्यक्ष की कुर्सी, BJP ने चौंकाया
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल बैजनाथ भेज दिया है। मामले में बी.एन.एस.एस. की धारा 194 के तहत कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
