शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। जुब्बल क्षेत्र में नेशनल हाईवे के किनारे 33 वर्षीय युवक का खून से लथपथ शव मिलने से हड़कंप मच गया। युवक के सिर, मुंह और गर्दन पर चोटों के निशान मिले हैं। शव मिलने के बाद लोगों में डर का माहौल है।
मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे चार यार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला शिमला के जुब्बल क्षेत्र से सामने आया है। यहां पर 18 अक्टूबर की रात करीब 9:50 बजे डोची के पास नेशनल हाईवे पर एक व्यक्ति औंधे मुंह पड़ा हुआ दिखाई दिया।
यह भी पढ़ें : मंडी की बहु बनेंगी उड़नपरी सीमा- 10 साल का रिलेशनशिप, 2 साल बाद है शादी का प्लान
उस समय मंडोल गांव का रहने वाला साहिल भीमटा अपने तीन साथियों सक्षम, अखिल और हर्ष के साथ हटकोटी मंदिर से लौट रहा था। चारों युवक नवरात्र के दौरान मंदिर गए थे। शाम को खाना खाने के बाद वे सक्षम की कार (HP 10B-2684) में सवार होकर अपने गांव मंडोल वापस जा रहे थे।
सड़क संदिग्ध हालत में दिखा युवक
रास्ते में चारों युवकों ने सड़क पर एक व्यक्ति को पड़ा देखा। इसके बाद वे कार से नीचे उतरे और उसके पास जाकर देखा। युवक बेहोश था और उसके सिर, मुंह व गर्दन के आसपास से खून बह रहा था। आसपास कोई दूसरा व्यक्ति भी मौजूद नहीं था। हालत देखकर साहिल और हर्ष ने तुरंत पुलिस को फोन किया। इसके साथ ही उन्होंने एंबुलेंस सेवा 108 को भी सूचना दी।
यह भी पढ़ें : मंडी की बहु बनेंगी उड़नपरी सीमा- 10 साल का रिलेशनशिप, 2 साल बाद है शादी का प्लान
मौके पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस, युवक की मौत
सूचना मिलते ही पुलिस टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। एंबुलेंस कर्मियों ने युवक की जांच की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान नेपाली मूल के हिरेन्द्र के रूप में हुई है। वह पिछले कुछ समय से जुब्बल क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
हत्या का मामला दर्ज, जांच में पुलिस जुटी
साहिल भीमटा के बयान और घटनास्थल पर मिले सबूतों के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस मृतक के शरीर पर मिले चोटों के निशानों समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: सेना की 2 गाड़ियों की निजी ट्रक से टक्कर, तीनों वाहन बीच सड़क पलटे; 4 जवान पहुंचे अस्पताल
युवक की हत्या के पीछे क्या थी वजह?
फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि हिरेन्द्र की हत्या किसने की और इसके पीछे क्या कारण थे। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच कर रही है। हत्या की असली वजह और इसमें कौन शामिल है, इसका खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
