बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में पुलिस नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। आए दिन नशे की खेप के साथ तस्करों को सलाखों के पीछे डाल रही है। ताजा मामला जिला बिलासपुर से सामने आया है। यहां पर पुलिस ने लाखों के नशे संग एक युवक को अरेस्ट किया है।
नशे के खिलाफ पुलिस कर रही थी गश्त
जानकारी के मुताबिक, मामला जिला बिलासपुर के कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर ढलियार से सामने आया है। यहां पर पुलिस नशे के खिलाफ गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार युवक वहां से गुजरा, जो पुलिस को देख घबरा गया।
यह भी पढ़ें : रिश्तों की परीक्षा पर खरी उतरी राधा, छोटी बहन को दी किडनी- 12 घंटे चली सर्जरी
शक के आधार पर रोकी बाइक
पुलिस को युवक की हरकतें संदिग्ध लगी। शक के आधार पर युवक को तलाशी के लिए रोका। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 50 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पहचान
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार युवक की पहचान 34 वर्षीय पंकज के रूप में हुई है। वह मंडी जिले की बल्ह तहसील के भिउरा गांव, डाकघर कुम्मी का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के निषाद ने बढ़ाया देश का मान : दो दिन में झटका दूसरा गोल्ड मेडल, परिवार गदगद
चिट्टा कहां से आया, आगे किसे देना था? जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब सिर्फ आरोपी की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि चिट्टे के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुट गई है। इसके लिए पुलिस आरोपी के मोबाइल और अन्य कड़ियों की जांच कर रही है। पूछताछ में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पंकज चिट्टा कहां से लेकर आया था और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाना था। पुलिस को उम्मीद है कि जांच आगे बढ़ने पर नशे के इस नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों तक भी पहुंचा जा सकता है।
SP अभिषेक धीमान ने की मामले की पुष्टि
बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है और सदर थाना में उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एसपी ने कहा कि जिले में नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
