शिमला। हिमाचल प्रदेश में पुलिस प्रशासन द्वारा नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम आए दिन नशे तस्करों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे डाल रही है। इसी कड़ी में अब ताजा मामला जिला शिमला से सामने आया है। यहां पर पुलिस ने नशे की खेप के साथ एक व्यक्ति को रंगे हाथों गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
गश्त पर थी पुलिस टीम
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह मामला जिला शिमला के नैना कैंची, बलग रोड क्षेत्र का है। बीते वीरवार को पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी और इलाके से गुजरने वाले सभी वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय गुप्त सूचना मिली कि नैना कैंची, बलग रोड के पास से एक व्यक्ति नशे की खेप लेकर गुजरने वाला है।
यह भी पढ़ें: कंगना का 'हिमाचली स्वैग': 45 हजार का कोट पहन पहुंचीं संसद, 6 महिलाओं ने 2 महीने में किया तैयार
गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस ने सतर्कता बढ़ाते हुए आसपास के क्षेत्र में निगरानी तेज कर दी और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखना शुरू कर दिया। कुछ ही देर बाद एक संदिग्ध व्यक्ति वहां से गुजरता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की। लेकिन व्यक्ति पुलिस को देख घबरा गया और संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
आरोपी की बैग से भारी मात्रा में चरस बरामद
शक के आधार पर पुलिस ने व्यक्ति के बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके बैग से 1.115 किलोग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने बिना देरी किए आरोपी को पकड़ लिया है। आरोपी की पहचान राजेश कुमार निवासी राजगढ़, जिला सिरमौर के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: मौ*त की दहलीज तक पहुंचा घरेलू झग*ड़ा, गुस्साए पति ने पत्नी पर डाला पेट्रोल और फिर...
NDPS एक्ट के तहत मामला किया दर्ज
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर NDPS एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच में जुट गई है। यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी चरस कहां से लेकर आया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।
पुलिस कर रही मामले की जांच
साथ ही इस तस्करी के पीछे काम कर रहे पूरे नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं, ताकि सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके। पुलिस का कहना है कि अगर इस मामले में और लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: कंगाली में 'मौज' की तैयारी पर फिरा पानी: सुक्खू सरकार ने रोका APMC चेयरमैनों की सैलरी बढ़ाने का फैसला
जिला पुलिस ने साफ शब्दों में कहा है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा। अवैध नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का उद्देश्य युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना और समाज को सुरक्षित बनाना है।
