मंडी। जमीन का म्यूटेशन करवाने के लिए सरकारी दफ्तर के चक्कर लगा रहे एक व्यक्ति से कथित तौर पर दो लाख रुपये की रिश्वत मांगना कानूनगो, पटवारी और उनके सहायक को भारी पड़ गया। शिकायत विजिलेंस तक पहुंची तो टीम ने पूरी योजना के साथ जाल बिछाया।
इंतकाल के लिए मांगी मोटी रिश्वत
जैसे ही रिश्वत की पहली किस्त के रूप में एक लाख रुपये लिए गए, विजिलेंस ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए सहायक को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पूछताछ के आधार पर कानूनगो और पटवारी को भी हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में फिर भारी बारिश का खतरा : 3 दिन ऑरेंज अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
स्टेट विजिलेंस ने की कार्रवाई
मामला हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी का है, जहां स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो ने गोहर क्षेत्र में कार्रवाई की। तीनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
शिकायत के बाद बिछाया ट्रैप
जानकारी के अनुसार गोहर निवासी पूर्ण चंद ने विजिलेंस थाना मंडी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कानूनगो बंसी लाल और पटवारी अरुण धीमान उनकी जमीन के म्यूटेशन के एवज में दो लाख रुपये की रिश्वत मांग रहे थे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में 3 KG चरस के साथ पकड़ा गया तस्कर : अब 13 साल तक रहेगा सलाखों के पीछे
आरोप है कि रिश्वत की पहली किस्त के रूप में एक लाख रुपये लेने के लिए दोनों अधिकारियों ने अपने सहायक ललित कुमार को भेजा था।शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने आरोपों का सत्यापन किया और शिकायत सही पाए जाने पर ट्रैप की योजना बनाई।
एक लाख रुपये लेते ही दबोचा
विजिलेंस टीम ने गोहर में जाल बिछाया। जैसे ही सहायक ललित कुमार ने शिकायतकर्ता से एक लाख रुपये की रिश्वत स्वीकार की, टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद उससे पूछताछ की गई, जिसके आधार पर कानूनगो बंसी लाल और पटवारी अरुण धीमान को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
रिटायरमेंट से पहले गिरफ्तारी
बताया जा रहा है कि कानूनगो बंसी लाल कुछ ही दिनों में सेवानिवृत्त होने वाले थे। रिटायरमेंट से पहले ही रिश्वतखोरी के आरोप में उनकी गिरफ्तारी पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
यह भी पढ़ें- देहदान करने IGMC पहुंचे 78 वर्षीय बुजुर्ग, जवाब मिला- इतनी दूर से नहीं ला सकते बॉडी
आज अदालत में होगी पेशी
विजिलेंस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। डीएसपी विजिलेंस प्रियंक गुप्ता ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच जारी है। आरोपियों को आज अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड मांगा जाएगा, ताकि यह पता लगाया जा सके कि रिश्वत मांगने की साजिश में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं और पूरे मामले की तह तक पहुंचा जा सके।
