ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में एक युवक की मौत का मामला अब कानूनी जांच के दायरे में आ गया है। पुलिस थाना अंब की टीम ने मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

साल 2024 में हुई थथी शादी

दर्ज FIR के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि उसके बेटे को शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से कथित रूप से मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। युवक की शादी वर्ष 2024 में हुई थी। वह ऊना में कार्यरत था, जबकि उसकी पत्नी चंडीगढ़ में निजी क्षेत्र में नौकरी करती थी।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में प्यार और त्याग की मिसाल बनी पत्नी- पति को दान की किडनी, सफल हुई पहली रोबोटिक सर्जरी

पति-पत्नी में बढ़ा तनाव

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि बीते कुछ महीनों से पति-पत्नी के बीच संबंधों में तनाव बढ़ गया था। आरोप है कि पत्नी का व्यवहार बदल गया था और वह युवक को नजरअंदाज कर रही थी। मोबाइल फोन में कथित आपत्तिजनक चैट मिलने के बाद विवाद और गहरा गया।

मारपीट और धमकियों का भी आरोप

परिजनों का आरोप है कि इस दौरान ससुराल पक्ष के कुछ लोगों ने युवक के साथ मारपीट की और उसे लगातार धमकियां दीं। इन घटनाओं के चलते युवक मानसिक तनाव में रहने लगा था।

यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस ने खोया ईमानदार हेड कांस्टेबल : तीन दिन पहले ही ली थी थाने से छुट्टी, PGI में तोड़ा दम

ट्रेन के आगे कूदा युवक

शिकायत के अनुसार, 7 मार्च 2026 की सुबह करीब 8 बजे युवक ने करलूही के पास रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

पुलिस की जांच जारी

DSP अंब अनिल पटियाल ने पुष्टि की है कि पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 108 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें