चंबा। लगातार हो रही बारिश ने हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में जिंदगी को खतरे के बीच ला खड़ा किया है और इसी बीच हादसे भी रूकने का नाम नहीं ले रहे। शुक्रवार को भी ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा प्रदेश के जनजातीय क्षेत्र में हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।

विशाल पत्थर गिरने से एक टाटा सूमो वाहन दुर्घटनाग्रस्त

चंबा जिले के जनजातीय क्षेत्र पांगी को जोड़ने वाले पांगी-उदयपुर मार्ग पर कधुनाला के पास अचानक पहाड़ से भारी मलबा और विशाल पत्थर गिरने से एक टाटा सूमो वाहन उसकी चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि हादसा इतना भीषण था कि वाहन पूरी तरह मलबे के नीचे दब गया।

यह भी पढ़ें- 14 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस का फोकस- CM सुक्खू ने बनाया प्लान, BJP के गढ़ में सेंध लगाने की तैयारी

हादसे में कई लोगों के हताहत होने की खबर

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में कई लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से मृतकों की संख्या और उनकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी। आशंका जताई जा रही है कि वाहन में कई लोग सवार थे।

 

राहत और बचाव अभियान जारी

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और बचाव दल की टीमें मौके के लिए रवाना हो गईं। दुर्गम क्षेत्र और लगातार गिर रहे पत्थरों के कारण राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। मलबा हटाने का काम जारी है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में सड़क से उड़ी कार, सीधा घर की छत पर हुई लैंड- नीचे थी गहरी खाई

बारिश के बीच यात्रा से बचने की अपील

लगातार हो रही बारिश के कारण हिमाचल प्रदेश के कई पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि आवश्यक होने पर ही यात्रा करें और विशेष रूप से संवेदनशील पहाड़ी मार्गों पर पूरी सावधानी बरतें। मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और जोखिम वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की भी सलाह दी गई है।

(NOTE- खबर लिखे जाने तक घायलों की कोई जानकारी सामने नहीं आई है। जानकारी आते ही खबर को अपडेट कर दिया जाएगा।)

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें