मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से बेहद दुखद खबर सामने आई है। निहरी क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा पेश आया है। शलोग जंगल के पास पेश आए इस हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई है।
दो बेटों ने खोया पिता
सबसे पीड़ादायक बात यह रही कि मृतक अपने घर से महज एक किलोमीटर की दूरी पर था, लेकिन नियति ने उससे पहले ही उसका साथ छीन लिया। करीब 250 मीटर गहरी खाई में गिरी पिकअप ने पल भर में एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं और दो बेटों के सिर से पिता का साया छिन गया।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार ने आउटसोर्स कर्मियों को दी बड़ी राहत: हर महीने की 7 तारीख को खाते में आएगा पैसा
गहरी खाई में गिरी पिकअप
जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात करीब शलोग जंगल के पास एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया। सड़क संकरी और घुमावदार होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और पिकअप सीधे गहरी खाई में जा गिरी। खाई की गहराई करीब 250 मीटर बताई जा रही है। हादसे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
![]()
चीख-पुकार से गूंजा इलाका
रात के सन्नाटे में खाई में गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण सहम गए। आवाज सुनते ही लोग मौके की ओर दौड़े और नीचे झांककर देखा तो पिकअप के टुकड़े बिखरे पड़े थे। पिकअप ड्राइवर क्षतिग्रस्त वाहन के अंदर फंसा हुआ था।
यह भी पढ़ें : सावधान हिमाचल ! थम जाएंगे 108-102 एंबुलेंस के पहिये, 5 दिन की हड़ताल पर जा रहे कर्मी
घर के पास मिली मौत
हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो चुका था। उसकी पहचान 46 वर्षीय हीरा सिंह के रूप में हुई है- जो कि गांव शलोग, जिला मंडी के रूप का रहने वाला था।। बताया जा रहा है कि हीरा सिंह देर रात किसी निजी काम से लौट रहा था और घर पहुंचने से ठीक पहले यह हादसा हो गया।
![]()
ग्रामीण बने फरिश्ते
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने बिना अपनी जान की परवाह किए राहत और बचाव कार्य शुरू किया। अंधेरे और खड़ी चट्टानों के बीच ग्रामीण रस्सियों और टॉर्च की मदद से खाई में उतरे। कड़ी मशक्कत के बाद घायल चालक को बाहर निकाला गया और तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, रास्ते में ही उसकी हालत बेहद नाजुक हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : कपड़े धो रही थी मां, गर्म पानी के टब में गिर गया चार साल का मासूम- हुई मौ.त
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नेरचौक भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
![]()
कैसे पेश आया हादसा?
DSP सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। सड़क की स्थिति, वाहन की तकनीकी हालत और अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में 4 दिन बरसेंगे मेघ : जमकर होगी बारिश-बर्फबारी, विभाग ने जारी किया घने कोहरे का अलर्ट
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हीरा सिंह अपने पीछे पत्नी और दो बेटे छोड़ गए हैं। अचानक हुई इस मौत से परिवार सदमे में है। घर में मातम पसरा हुआ है और गांव में हर आंख नम है। गांव के लोग शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं, लेकिन बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने का दर्द हर किसी को झकझोर रहा है।
प्रशासन से मदद की मांग
ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। लोगों का कहना है कि हीरा सिंह परिवार का मुख्य सहारा था और उसकी मौत के बाद परिवार के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने सरकार से पीड़ित परिवार को हर संभव मदद देने की अपील की है।
