ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां 11 वर्षीय किशोर की संदिग्ध तौर पर सर्पदंश के बाद मौत हो गई। बच्चे की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है, जबकि इस घटना के बाद पूरे गांव में भी शोक का माहौल है। 

अचानक बिगड़ी बच्चे की तबीयत

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला ऊना जिले के अम्ब उपमंडल के एक गांव सामने आया है। बीते कल शनिवार रात को घर पर 11 वर्षीय बच्चे की अचानक तबीयत खराब हो गई। बच्चे की हालत बिगड़ती देख परिजन घबरा गए और उसे तुरंत पास के एक स्थानीय क्लिनिक में ले गए। वहां डॉक्टरों ने बच्चे को प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस ने ढेर सारे चिट्टे संग धरे 2 पंजाबी, मिंजर मेले में जाने की थी तैयारी...पहुंचे जेल

सिविल अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

स्थानीय क्लिनिक में हालत में सुधार न होने के बाद परिजन बच्चे को तुरंत सिविल अस्पताल अम्ब लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने बच्चे की जांच की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।

घर के आसपास सांप दिखने से बढ़ी आशंका

बताया जा रहा है कि जिस समय बच्चे की तबीयत बिगड़ी, उसी दौरान परिजनों ने घर के आसपास एक सांप को घूमते हुए देखा था। इसी वजह से आशंका जताई जा रही है कि शायद बच्चे को सांप ने डस लिया हो। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि बच्चे की मौत सांप के काटने से ही हुई है या इसके पीछे कोई और वजह थी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : ट्रैकिंग के लिए निकले 10 लोग, नाला पार करते समय बहा टीम लीडर; अगले दिन मिली देह

पुलिस को नहीं मिली कोई आधिकारिक सूचना

इस मामले को लेकर जब DSP अम्ब अनिल पटियाल से बात की गई तो उन्होंने बताया कि पुलिस के पास अभी तक इस घटना के संबंध में किसी भी पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक शिकायत या सूचना नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि अगर अस्पताल या परिजनों की ओर से कोई सूचना मिलती है, तो मामले की जांच की जाएगी।

मौत की असली वजह जांच के बाद होगी साफ

फिलहाल बच्चे की मौत को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं, लेकिन मौत की असली वजह जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही साफ हो पाएगी। इस दुखद घटना से परिवार सदमे में है और गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।