शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले स्थित रामपुर क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। देर रात मकड़ोली गांव के पास एक कार गहरी खाई में गिर गई, जिसमें सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दंपती एक जन्मदिन समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। इस हादसे के बाद घर पर माता-पिता का इंतजार कर रहे दोनों बच्चों के सिर से परिजनों का साया उठ गया है।
जन्मदिन से लौटते समय हुआ हादसा
मृतकों की पहचान रामपुर तहसील के कशोग गांव निवासी प्यारे लाल और उनकी पत्नी सुनीता के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक दोनों मकड़ोली गांव में रिश्तेदार की बेटी के जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद रात को वे अपनी ऑल्टो कार में घर के लिए निकल पड़े।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में पंचायत प्रधानों का कार्यकाल आज समाप्त: चुनावों की तैयारी शुरू- मतदाता सूची जारी
2 बेटों को घर छोड़ आए थे दंपती
बताया जा रहा है कि दंपती के दो बेटे हैं। उनका 8 साल का बेटा ऋतिक रिश्तेदारों के घर रुकने की जिद करने लगा, जिसके बाद माता-पिता उसे वहीं छोड़कर घर के लिए निकल गए। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उनका आखिरी सफर साबित होगा। वहीं, दूसरा बेटा कार्तिक 9वीं में पड़ता है, जो घर पर ही रूका था।
घर से कुछ दूरी पहले हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि रिश्तेदार के घर से करीब 150 से 250 मीटर दूर पहुंचते ही कार अचानक अनियंत्रित हो गई और गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना जोरदार था कि गिरने की आवाज आसपास तक सुनाई दी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : रिटायरमेंट से एक दिन पहले प्रमोशन का तोहफा- 24 घंटे के लिए बड़ी अधिकारी बनीं सुनीता
स्थानीय लोगों ने शुरू किया रेस्क्यू
आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को खाई से बाहर निकालकर सड़क तक लाया गया और तुरंत खनेरी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इलाके में शोक का माहौल
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और गवाहों के बयान दर्ज किए। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
