कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में सुबह के वक्त एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। एक युवा छात्र रोज की तरह पढ़ाई के लिए निकला था। मगर रास्ते में हुआ हादसा उसके परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द छोड़ गया। कुछ ही पलों में बाइक सवार युवक की जिंदगी खत्म हो गई और घर में मातम पसर गया।
बाइक और HRTC बस की आमने-सामने टक्कर
यह दर्दनाक हादसा सोमवार सुबह कांगड़ा जिले के जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र के चालाली में हुआ। यहां एक बाइक और HRTC बस की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 20 वर्षीय दीपक भारद्वाज, निवासी गुरल के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : घर के आंगन से गायब हुई 5 साल की आर्या, रात भर ग्रामीण करते रहे खोज- अभी भी लापता
ढलियारा पढ़ने जा रहा था दीपक
बताया जा रहा है कि दीपक बाइक लेकर ढलियारा स्थित अपने शिक्षण संस्थान की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालाली के पास उसकी बाइक सामने से आ रही HRTC बस से टकरा गई।
मौके पर मची अफरा-तफरी
दूसरी ओर बस भरवाईं की तरफ जा रही थी। दोनों वाहनों के बीच अचानक हुई भिड़ंत में दीपक को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन युवक को बचाया नहीं जा सका।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में 18 से 35 साल तक के कई युवा बन रहे नशा तस्कर, आंकड़े देख चौंक जाएंगे आप
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। मोईन थाना प्रभारी संजीव कुमार ने पुलिस कर्मियों के साथ मौके का निरीक्षण किया और हादसे से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल देहरा भेज दिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और दोनों वाहनों की भिड़ंत की वास्तविक वजह क्या रही, इसकी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : महिला का नहाते हुए बनाया वीडियो- वेंटिलेटर पर रखा था मोबाइल, पड़ोसी की करतूत
पंचायत प्रतिनिधियों ने भी लिया घटनास्थल का जायजा
हादसे की सूचना मिलने के बाद पंचायत चालाली के प्रधान अश्वनी कुमार और उपप्रधान दीपक राजपूत भी मौके पर पहुंचे। उपप्रधान ने बताया कि दीपक पढ़ाई के लिए ढलियारा जा रहा था, जबकि HRTC बस भरवाईं की ओर जा रही थी। इसी दौरान दोनों वाहनों की टक्कर हो गई।
हादसे की खबर से इलाके में शोक
20 साल के युवक की अचानक हुई मौत की खबर जैसे ही उसके गांव और आसपास के क्षेत्र में पहुंची, शोक की लहर दौड़ गई। जिस उम्र में दीपक अपने भविष्य को संवारने के लिए पढ़ाई कर रहा था, उसी उम्र में उसकी जिंदगी सड़क हादसे ने छीन ली।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : गहरी खाई में गिरी कार, उड़े परखच्चे- अंदर ही फंसा रहा चालक, तोड़ा दम
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। हादसे के कारणों और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच के बाद ही पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।
