#उपलब्धि
June 16, 2025
हिमाचल : सेना में कैप्टन थे दादा, सैनिक स्कूल में पढ़ाई कर फ्लाइंग ऑफिसर बना पोता- बढ़ाया मान
दादा सेना में कैप्टन, पिता-मा शिक्षक
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल के बिलासपुर जिला के ग्राम पंचायत मोरसिंघी के गांव भटोली (सुरहाण) के युवा स्वास्तिक भारद्वाज ने भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनकर अपने परिवार, गांव और प्रदेश का नाम रोशन किया है। स्वास्तिक ने एयरफोर्स अकादमी हैदराबाद से प्रशिक्षण पूरा करने के बाद हाल ही में पासिंग आउट परेड में भाग लिया, जिसके बाद उन्हें आधिकारिक रूप से वायुसेना में कमीशन प्रदान किया गया।
स्वास्तिक के पिता राकेश भारद्वाज बिलासपुर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक छात्रा पाठशाला में भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता हैं और माता भी एक शिक्षिका हैं। बहन मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है। स्वास्तिक को बचपन से ही कुछ अलग और बड़ा करने का जुनून था। इसी सपने ने उसे नौवीं कक्षा में सैनिक स्कूल सुजानपुर टीहरा तक पहुंचाया।
सुजानपुर से आगे का सफर उन्होंने नेशनल डिफेंस अकादमी (एनडीए) पुणे में दाखिला लेकर तय किया। यहां तीन वर्ष के कठिन प्रशिक्षण के बाद उनका चयन एयरफोर्स अकादमी, हैदराबाद में हुआ। उन्होंने वहां से फ्लाइंग ऑफिसर बनने की अंतिम सीढ़ी पार कर ली।
स्वास्तिक के दादा कैप्टन शालीग्राम भारद्वाज भी भारतीय सेना में सेवाएं दे चुके हैं। इस तरह यह परिवार एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक देश सेवा के आदर्श को जीता चला आ रहा है। स्वास्तिक ने उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए अब वायुसेना में स्थान प्राप्त किया है।