#उपलब्धि
May 5, 2026
12TH RESULT : छोटे से गांव की बेटी का कमाल, पूरे शिक्षा खंड की पहली मेरिट होल्डर बनी समृद्धि
छठी कक्षा से सरकारी स्कूल में ही पढ़ रही समृद्धि
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से एक ऐसी सफलता की कहानी सामने आई है- जिसने स्थानीय लोगों को गर्व से भर दिया है। दुर्गम और पहाड़ी क्षेत्र नौहराधार की बेटी समृद्धि ने यह साबित कर दिया है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो- तो सीमित संसाधनों के बावजूद कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।
PM श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नौहराधार की छात्रा समृद्धि ने 12वीं कक्षा की परीक्षा में 97.5 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। समृद्धि ने इतने अंक हासिल कर प्रदेश की टॉप-10 मेरिट सूची में अपना नाम दर्ज करवा लिया है।
यह उपलब्धि केवल एक छात्रा की व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे शिक्षा खंड नौहराधार के लिए एक ऐतिहासिक पल बन गई है। नौहराधार जैसे दूरस्थ क्षेत्र से- जहां अक्सर संसाधनों और सुविधाओं की कमी को लेकर चुनौतियां सामने आती हैं। वहां से किसी सरकारी स्कूल के विद्यार्थी का प्रदेश स्तर पर इतनी ऊंची रैंक हासिल करना अपने आप में एक बड़ी मिसाल है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह पहली बार है जब इस शिक्षा खंड से किसी छात्र ने मेरिट सूची में इतना ऊंचा स्थान प्राप्त किया है। समृद्धि की इस कामयाबी ने यह संदेश दिया है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर या महंगे स्कूलों की मोहताज नहीं होती।
समृद्धि ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया है। उनका कहना है कि उन्होंने कभी भी पढ़ाई को बोझ नहीं माना- बल्कि नियमित रूप से समय का सही उपयोग करते हुए हर विषय को समझने की कोशिश की। अनुशासन, निरंतर अभ्यास और शिक्षकों का सही मार्गदर्शन ही उनके लिए सफलता की असली कुंजी रहे।

खास बात यह है कि समृद्धि के पिता रामलाल स्वयं इसी विद्यालय में प्रवक्ता के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने अपनी बेटी की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह सिर्फ उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे विद्यालय के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने विद्यालय के प्रधानाचार्य और सभी शिक्षकों को भी इस सफलता के लिए बधाई दी।
समृद्धि की विशेषता सिर्फ पढ़ाई तक सीमित नहीं रही। वह सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भी बराबर की भागीदार रही हैं। छठी कक्षा से लेकर 12वीं तक उन्होंने इसी विद्यालय में शिक्षा प्राप्त की और हर कक्षा में बेहतर प्रदर्शन किया। 10वीं कक्षा में भी उन्होंने 94 प्रतिशत अंक हासिल किए थे- जिसके लिए उन्हें स्वामी विवेकानंद छात्रवृत्ति से सम्मानित किया गया था।
विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य जितेंद्र सिंह चौहान ने इस उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि पहली बार नौहराधार शिक्षा खंड से किसी विद्यार्थी ने प्रदेश स्तर पर 8वां स्थान हासिल किया है- जो आने वाले समय में अन्य विद्यार्थियों के लिए एक नई दिशा तय करेगा।
समृद्धि की इस ऐतिहासिक सफलता के बाद विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल देखने को मिला। शिक्षक, छात्र और स्थानीय लोग सभी इस होनहार बेटी की उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि ये कहानी सिर्फ एक छात्रा की जीत नहीं- बल्कि उस विश्वास की जीत है, जो कठिन परिस्थितियों में भी आगे बढ़ने का हौसला देता है।