#उपलब्धि
April 11, 2025
माउंट एवरेस्ट लांघने निकल पड़ीं हिमाचल की बेटी कृतिका, गर्व से पिता का सीना हुआ चौड़ा
देश के 10 एनसीसी कैडेट्स में अकेली हिमाचली
शेयर करें:
सिरमौर। दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट को लांघने हिमाचल के सिरमौर की बेटी कृतिका शर्मा निकल पड़ी हैं। उनके साथ पंजाब और हरियाणा के 9 एनसीसी कैडेट्स भी हैं। कृतिका हिमाचल प्रदेश से यह कारनामा करने निकलीं अकेली कैडेट हैं।
देश की सबसे बेस्ट कैडेट
भारत के 10 सबसे बेस्ट एनसीसी कैडेट्स में से कृतिका को चुना गया है। इन सभी ने माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई के अभियान में भाग लेने के लिए लिखित परीक्षा, इंटरव्यू और फिजिकल टेस्ट पास किया है। इन कैडेट्स के साथ कर्नल अमित बिष्ट के नेतृत्व में 15 और सदस्यों का भी दल नेपाल गया है।
सिरमौर के गत्ताधार की रहने वाली कृतिका की इस उपलब्धि से पिता भरत शर्मा का सीना गर्व से फूलकर चौड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि बेटी की उपलब्धि से वे बहुत खुश हैं।
रक्षा मंत्री से की मुलाकात
पांवटा साहिब कॉलेज की स्टूडेंट कृतिका ने नेपाल रवाना होने से पहले कई हस्तियों से मुलाकात की। इनमें रक्षा स्टाफ प्रमुख, सेना स्टाफ के प्रमुख, नेपाल के भारत में राजदूत भी शामिल हैं।
टीम लीडर हैं कर्नल अमित बिष्ट
कृतिका को देश के 17 लाख एनसीसी कैडेट्स में से चुना गया है, जो अपने आप में बड़ी बात है। अब उनकी टीम में 5 लड़के और 5 लड़कियां हैं। टीम कीकमान कर्नल अमित बिष्ट के हाथ में है। इन कैडेट्स के साथ 19 पर्वतारोही और 6 स्पॉट मेंबर्स भी गए हैं। पूरी टीम नेपाल के लुकला से एवरेस्ट के बेस कैंप के लिए रवाना हो गई है। टीम 3 जून को वापस लौटेगी। एवरेस्ट फतह के लिए चुने गए एनसीसी के सभी 10 कैडेट्स की फिजिकल ट्रेनिंग 11 मार्च से 2 अप्रैल तक दिल्ली में हुई है। अगले ही दिन इन कैडेट्स ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की थी।
सेना की टीम साथ में
माउंट एवरेस्ट अभियान के दौरान टीम लीडर कर्नल अमित बिष्ट 25 सदस्यीय टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। टीम में लीडर कर्नल अमित बिष्ट, अधिकारी कर्नल राजेश जोशी, मेजर सोमिया शुक्ला, एसएम बालकृष्ण सिंह, जेसीओ अंकुर रावत, चार एसीपीओ, 10 कैडेट्स और सपोर्ट स्टाफ शामिल हैं।