#उपलब्धि
August 23, 2026
हिमाचल के बेटे ने 26 की उम्र में हासिल की दोहरी सफलता, गांव के साथ-साथ पिता का भी बढ़ाया मान
पिता ने भी बेटे की सफलता पर जताई खुशी
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र के नैनीधार के खाड़ी गांव निवासी 26 वर्षीय वेद प्रकाश ने अपनी मेहनत और लगन से बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इतिहास विषय में NET और SET जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाएं पास करने के बाद अब उनका चयन CBSE में PGT (History) के पद पर हुआ है। वेद प्रकाश की इस दोहरी कामयाबी से उनके परिवार के साथ-साथ पूरे शिलाई क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। उनकी सफलता ग्रामीण क्षेत्र के उन युवाओं के लिए भी प्रेरणा बनी है, जो मेहनत के दम पर अपने सपनों को पूरा करना चाहते हैं।
वेद प्रकाश गांव खाड़ी, डाकघर खड़कहा, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर के रहने वाले हैं। उन्होंने इतिहास विषय में उच्च शिक्षा हासिल की और पढ़ाई के दौरान अपनी शैक्षणिक योग्यता को लगातार बेहतर किया।
उन्होंने इतिहास विषय में NET और SET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाएं भी पास की हैं। अब CBSE में PGT इतिहास के पद पर उनका चयन उनकी मेहनत का एक और बड़ा परिणाम है।
वेद प्रकाश ने अपनी सफलता से यह दिखा दिया है कि अगर लक्ष्य साफ हो और मेहनत लगातार जारी रखी जाए तो कोई भी मुकाम मुश्किल नहीं होता। कम उम्र में NET और SET जैसी परीक्षाएं पास करने के बाद अब CBSE में PGT के पद पर चयन होना उनकी मेहनत, लगन और इतिहास विषय के प्रति उनकी रुचि को दिखाता है।
वेद प्रकाश के पिता शेर सिंह शिक्षा विभाग में LA के पद पर कार्यरत हैं। बेटे की सफलता पर उन्होंने खुशी जाहिर की। उन्होंने बताया कि वेद प्रकाश शुरू से ही पढ़ाई को लेकर गंभीर रहा है और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार मेहनत करता रहा। उन्होंने बेटे की सफलता का श्रेय उसकी मेहनत के साथ-साथ परिवार के सहयोग और शुभचिंतकों के आशीर्वाद को दिया।
वेद प्रकाश की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों ने गर्व जताया है। लोगों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर शिक्षा के क्षेत्र में इस तरह की सफलता हासिल करना दूसरे युवाओं के लिए भी प्रेरणा है। वेद प्रकाश ने अपनी कामयाबी से एक बार फिर साबित किया है कि प्रतिभा और मेहनत किसी जगह या परिस्थिति की मोहताज नहीं होती।