#उपलब्धि

June 26, 2026

हिमाचल की सीमा का गोल्डन धमाका, 5000 मीटर दौड़ में जीता स्वर्ण; एशियन गेम्स में दिखाएंगी दम

सीमा ने 5000 मीटर दौड़ में जीता गोल्ड

शेयर करें:

Himachal Chamba Flying Girl Seema

चम्बा। हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले की रहने वाली अंतरराष्ट्रीय धाविका और ‘उड़नपरी’ के नाम से मशहूर सीमा ने एक बार फिर अपनी शानदार मेहनत और बेहतरीन प्रदर्शन से पूरे देश में चम्बा का नाम रोशन किया है। सीमा ने राष्ट्रीय स्तर की बड़ी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया है।

सीमा ने 5000 मीटर दौड़ में जीता गोल्ड

भुवनेश्वर (उड़ीसा) के प्रसिद्ध कलिंगा स्टेडियम में 24 जून से 28 जून तक आयोजित हो रही 65वीं राष्ट्रीय इंटरस्टेट सीनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में सीमा ने 5000 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने यह दौड़ 16 मिनट 11.04 सेकेंड के समय में पूरी कर पहला स्थान हासिल किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

 

यह भी पढ़ें : मंत्री विक्रमादित्य के विजन ने बनाया नंबर वन, सड़कों की मजबूती में हिमाचल ने रचा इतिहास

एशियन गेम्स चयन की राह हुई आसान

यह प्रतियोगिता देश की सबसे बड़ी ट्रैक एंड फील्ड प्रतियोगिताओं में गिनी जाती है। इसी प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों का चयन अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए किया जाता है। ऐसे में सीमा की यह जीत बेहद खास मानी जा रही है।

एशियन गेम्स के लिए हुआ चयन

एशियन गेम्स में जगह बनाने के लिए सीमा ने पहले ही जरूरी क्वालिफिकेशन टाइम हासिल कर लिया था, लेकिन राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन और जीत दर्ज करना बेहद जरूरी था। अब 5000 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल जीतने के बाद सीमा का एशियन गेम्स के लिए चयन पक्का हो गया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के खाली खजाने को भरेगा यह जल विद्युत प्रोजेक्ट, हर साल देगा ₹200 करोड़ की संजीवनी

मेहनत के दम पर हासिल किया मुकाम 

सीमा ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए लंबे समय से कड़ी मेहनत की है। लगातार अभ्यास, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण की बदौलत उन्होंने एक बार फिर साबित कर दिया कि मेहनत करने वालों के लिए कोई भी लक्ष्य मुश्किल नहीं होता।

सीमा की सफलता में कोच और स्पॉन्सर का अहम योगदान

सीमा की तैयारी में उनके विदेशी कोच स्कॉट सिमन्स (USA) और भारतीय कोच अजीत मार्कोज का भी अहम योगदान रहा है। वहीं, इस समय रिलायंस यूथ स्पोर्ट्स सीमा को स्पॉन्सर कर रहा है, जिससे उन्हें अपनी ट्रेनिंग और प्रतियोगिताओं की तैयारी में काफी सहयोग मिल रहा है।

यह भी पढ़ें : BPL चयन में सुक्खू सरकार की नरमी : आय सीमा बढ़ाने के साथ बदले कई नियम- जानें

सीमा ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने कोच, स्पॉन्सर, परिवार और उन सभी लोगों को दिया है जिन्होंने हर कदम पर उनका साथ दिया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य अब एशियन गेम्स में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतना है।

कब होगा अगला मुकाबला ? 

बता दें कि सीमा अभी इसी प्रतियोगिता में एक और बड़ी चुनौती के लिए तैयार हैं। वह 28 जून को 10 हजार मीटर दौड़ में भी हिस्सा लेंगी, जहां उनसे एक बार फिर शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है। अब सीमा की नजरें सितंबर महीने में जापान के नगोया में होने वाले एशियन गेम्स पर हैं। वह वहां भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी और देश के लिए गोल्ड मेडल जीतने का सपना लेकर मैदान में उतरेंगी।

 

यह भी पढ़ें : सीएम सुक्खू ने पंजाब में बुलंद की आवाज: चंडीगढ़ में हिस्सेदारी- BBMB के बकाया भुगतान पर चर्चा

 

सीमा की इस उपलब्धि से चम्बा सहित पूरे हिमाचल प्रदेश में खुशी की लहर है। एक छोटे से जिले से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने वाली सीमा आज प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणा बन गई हैं। उनका यह सफर मेहनत, हौसले और सफलता की एक मिसाल है।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख