#उपलब्धि

May 14, 2025

CBSE Result: हिमाचल ने कई राज्यों को पछाड़ा- लगातार तीसरी साल बेटियां फिर रहीं अव्वल

प्रदेश में CBSE के छात्रों का बेहतर प्रदर्शन

शेयर करें:

himachal cbse result

शिमला। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 10वीं और 12वीं कक्षा के परिणाम घोषित किए, जिसमें हिमाचल प्रदेश के छात्र-छात्राओं ने राज्य का नाम रोशन किया है। हिमाचल में 10वीं कक्षा में 97.26% और 12वीं कक्षा में 92.76% विद्यार्थी पास हुए। खास बात यह रही कि हिमाचल की बेटियों ने लड़कों को पीछे छोड़ दिया। पड़ोसी राज्यों पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और चंडीगढ़ की तुलना में हिमाचल का प्रदर्शन जम्मू-कश्मीर को छोड़कर सबसे बेहतर रहा।

टॉपर्स ने बनाया रिकॉर्ड

हिमाचल में 10वीं कक्षा में बद्दी की छात्रा कर्मा डेछन माला ने 99.20% अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। वहीं, 12वीं कक्षा में सोलन के छात्र धीरज ने कला संकाय में 98.60% अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। कर्मा ने गणित और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) में 100% अंक हासिल किए, जबकि धीरज ने अपनी मेहनत और लगन से कला संकाय में जबरदस्त प्रदर्शन किया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल के मठ से 11 और 12 साल के तीन भिक्षु लापता - पुलिस खोज में जुटी

बेटियों ने लगातार तीसरे साल भी दिखाया दम

प्रदेश में 10वीं कक्षा में लड़कियों का पास प्रतिशत 98.09% रहा, जबकि लड़कों का 96.58%  12वीं कक्षा में भी लड़कियों ने 95.03% पास प्रतिशत के साथ लड़कों (90.77%) को पीछे छोड़ा है। यह लगातार तीसरा साल है, जब हिमाचल की बेटियों ने CBSE परीक्षाओं में लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया है।  शिमला की अन्विता शर्मा ने 12वीं कला संकाय में 98% अंक हासिल किए, जबकि बिलासपुर की पर्ल गौतम ने 98.20% अंकों के साथ कला संकाय में अपनी प्रतिभा दिखाई।

पड़ोसी राज्य वर्सिस हिमाचल

 प्रदेश ने पड़ोसी राज्यों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया। पंजाब में 12वीं का पास प्रतिशत 92.47% और 10वीं का 94.49% रहा। चंडीगढ़ में 12वीं का पास प्रतिशत 90.01% और 10वीं का 88.50% रहा।  हरियाणा में 12वीं का पास प्रतिशत 91.04% और 10वीं का 92.32% रहा। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के आंकड़े भी हिमाचल से कम रहे। केवल जम्मू-कश्मीर ने कुछ हद तक हिमाचल के प्रदर्शन को टक्कर दी। हिमाचल का यह प्रदर्शन शिक्षा के क्षेत्र में राज्य की मजबूत नींव को दर्शाता है।

 कर्मा डेछन बनी सबके लिए मिसाल

बताते चलें कि बद्दी के औरोबिंदो पब्लिक स्कूल की कर्मा डेछन माला ने 10वीं में 99.20% अंकों के साथ पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। कर्मा के पिता गणेश लाल टीसीपी में कार्यरत हैं और लाहौल-स्पीति के उदयपुर तहसील के रहने वाले हैं। कर्मा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : सोने की तैयारी में था परिवार, बेटे को लगा करंट का झटका और निकल गए प्राण

7 घंटे पढ़ती थी बेटी

 जानकारी के अनुसार, वह रोजाना 7-8 घंटे पढ़ाई करती थीं और छुट्टियों में 8-10 घंटे तक पढ़ाई करती थीं। कर्मा का सपना डॉक्टर बनना है, और उन्होंने 11वीं कक्षा में मेडिकल स्ट्रीम चुनी है। उन्हें गणित और विज्ञान पढ़ना पसंद है, और उन्होंने दोनों विषयों में 100% अंक हासिल किए। खाली समय में कर्मा को पेंटिंग, बैडमिंटन, और गाना सुनना पसंद है।

कैसा रहा बाकी स्कूलों का प्रदर्शन

स्कूलों ने छात्रों की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जवाहर नवोदय विद्यालय (JNV) ने 10वीं में 99.49% और केंद्रीय विद्यालय (KV) ने 99.45%  प्रतिशत हासिल किया। निजी स्कूलों ने भी 94.17% प्रतिशत के साथ अच्छा प्रदर्शन किया। डीएवी, औरोबिंदो, पाइनग्रोव, और गुरुनानक जैसे स्कूलों ने अपने छात्रों को बेहतर मार्गदर्शन और सुविधाएं प्रदान कीं, जिसके परिणामस्वरूप कई छात्रों ने 95% से अधिक अंक हासिल किए।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें

Related Tags:
ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख