#उपलब्धि

October 7, 2024

हिमाचल के इस गांव का फौज से अनोखा कनेक्शन, हर परिवार से सेना में जवान

शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश को देवभूमि ही नहीं बल्कि वीरों की भूमि भी कहा जाता है। यहां के युवाओं में देश प्रेम की भावना और सेना में भर्ती होने का जुनून हमेशा से ही रहता है। देश के लिए कुर्बानी देने से भी वीरभूमि के जवान कभी पीछे नहीं हटे। हिमाचल के जिला सिरमौर में भी देश भक्ति की ऐसी ज्वाला जली है, जिससे ना केवल इस गांव के नाम रिकार्ड बना है बल्कि ये गांव अब चर्चा में आने लगा है।

80 परिवार में 31 जवान

जिला सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र का पोक्का गांव देशभक्ति की एक मिसाल बन चुका है। इस छोटे से गांव में लगभग 80 से 90 परिवार रहते हैं, जिनमें से 31 युवा सेना में भर्ती हो चुके हैं। इनमें से सात जवान सेवानिवृत्त हो चुके हैं, जबकि 24 जवान देश की सरहद पर डटे हुए हैं। यह भी पढ़ें : हिमाचल के रियांश का धमाका, छोटी सी उम्र में जीता बड़ा खिताब

विपरीत परिस्थितियों के बावजूद छूते है मुकाम

गांव में खेल का कोई मैदान या दौड़ने का ट्रैक नहीं होने के बावजूद, युवा विपरीत परिस्थितियों का सामना करते हुए सेना में भर्ती होने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। हाल ही में तीन जवान अग्रिवीर बने हैं, और एक युवती के साथ पांच युवक पुलिस में भी सेवाएं दे रहे हैं।

देश सेवा का जुनून

गांव के युवाओं में देश सेवा का जुनून इतना है कि वे तैयारी के लिए छह किलोमीटर दूर सतौन जाते हैं। कई युवा अपने ही गांव की ऊबड़-खाबड़ पहाड़ियों पर प्रशिक्षण लेते हैं। 2018 में छह युवा एक साथ सेना में भर्ती हुए थे और इस बार भी तीन युवा भर्ती हुए हैं। यह भी पढ़ें : हिमाचल : दुनिया छोड़ गई विवाहिता, मायका पक्ष के आरोप पर पति हुआ अरेस्ट

गांव के पहले जवान

बताते चले कि गांव के रति राम पहले व्यक्ति थे, जिन्होंने 1964 में सेना में भर्ती होकर दूसरों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने। आज उनके अनुकरण में कई युवा हर भर्ती में भाग लेते हैं। सेना में भर्ती होने वालों में कमलेश चौहान, अरुण चौहान, राकेश, जयप्रकाश चौहान, और कई अन्य नाम शामिल हैं। सेवानिवृत्त जवानों में रति राम, प्रताप सिंह और अन्य शामिल हैं। यह भी पढ़ें : हिमाचल : पैरापिट से टकराई बाइक, व्यक्ति की आखों के सामने दोस्त ने तोड़ा दम

गांववासियों को गर्व

पंचायत प्रधान जयप्रकाश ने कहा कि पोक्का गांव के लिए यह गर्व का विषय है कि यहां के अधिकांश युवा देश सेवा में जुटे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि आगे भी गांव के युवा इसी जोश और जज़्बे के साथ देश की रक्षा में योगदान देते रहेंगे। वहीं, जवान के परिवार से आते सदस्य भी गर्व के साथ जवान को सरहद पर भेजते हैं।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख