#उपलब्धि
June 10, 2025
हिमाचल का पकंज प्राइम लीग में आएगा नजर, ताकत बना नन्हा बेटा- पत्नी भी हैं वॉलीबॉल प्लेयर
एशियाई खेलों में कर चुके हैं भारत का प्रतिनिधित्व
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला स्थित रोहड़ू के के वॉलीबॉल प्लेयर पंकज शर्मा प्राइम वॉलीबॉल लीग में खेलने के लिए कोलकाता थंडरबोल्ट्स की टीम में शामिल हो गए हैं। रोहड़ू जिला के पुजारली स्थित फ्रिऊकोटी इलाके में इस खबर के बाद से खुशी का माहौल है। बता दें कि इस लीग में पंकज लाखों में बिके है।
पंकज के लिए पहले कालीकट हीरोज की टीम ने 5.75 लाख रुपये की बोली लगाई थी लेकिन बाजी कोलकाता थंडरबोल्ट्स ने मार ली। 6 लाख रुपये की अधिकतम बोली लगाकर कोलकाता थंडरबोल्ट्स ने पंकज को अपनी टीम में शामिल किया। यह बोली उनके बेस प्राइस 5 लाख से काफी ऊपर लगी, जिसे पाने के लिए कालीकट हीरोज और कोलकाता थंडरबोल्ट्स के बीच जबरदस्त टक्कर रही।
पंकज शर्मा का वॉलीबाल सफर कोई नया नहीं है। इससे पहले वह बंगलूरू टॉरपीडोज की टीम का हिस्सा रह चुके हैं और टीम की कप्तानी भी कर चुके हैं। उनकी शानदार स्किल्स और लीडरशिप के चलते वॉलीबाल की दुनिया में उनकी गिनती बेहतरीन खिलाड़ियों में होती है।
पंकज शर्मा ने वर्ष 2018 में एशियन गेम्स में भारतीय वॉलीबाल टीम का प्रतिनिधित्व भी किया था। देश की अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में भागीदारी उनके करियर की ऊंची उड़ान का प्रमाण है।
खास बात यह है कि पंकज शर्मा भारतीय सेना में भी सेवाएं दे रहे हैं। खेल के प्रति उनका समर्पण और देशसेवा का जज़्बा युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। रोहड़ू जैसे दूरदराज क्षेत्र से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर जगह बनाना, पंकज की मेहनत और परिवार के सहयोग की मिसाल है।
बता दें कि पंकज के घर में 1 साल पहले ही नन्हा मेहमान आया है। वहीं, पंकज को मिली इस कामयाबी के बाद से परिवार की खुशिया डबल हो गई है। पत्नी मृदु भी वॉलीबॉल की खिलाड़ी है। पंकज अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पत्नी के साथ वॉलीबॉल खेल की कई वीडियो और तस्वीरें साझा करते रहते है।