#उपलब्धि
April 4, 2025
हिमाचल : बैंक में अफसर बना गांव का बेटा, पहले ही अटेंप्ट में पास की कठिन परीक्षा
माता-पिता और गुरुजनों को दिया सफलता का श्रेय
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के होनहार युवा हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। चाहे वह शिक्षा, खेल, प्रशासन, तकनीक, कला, या उद्यमिता का क्षेत्र हो, हिमाचली युवा अपनी मेहनत और लगन से सफलता की नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। सूबे के युवा बैंकिंग सेक्टर में भी अपनी सफलता का लोहा मनवा रहे हैं।
इसी कड़ी में ताजा मामला हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से सामने आया है- यहां घुनारवीं के होनहार छात्र अमित शर्मा ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मिनर्वा वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल के छात्र रहे अमित का चयन सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में प्रोबेशनरी ऑफिसर, PO के पद पर हुआ है। उनके इस सफलता से परिवार, स्कूल प्रबंधन और क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है।
अमित ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा घुमारवीं स्थित मिनर्वा स्कूल से प्राप्त की, जहां से उन्होंने जमा दो तक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज, बंदला से BTech. की डिग्री हासिल की। अमित शर्मा की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि उन्होंने पहली ही बार में इस कठिन परीक्षा को पास किया है। PO बनने के बाद अमित के घर बधाई देने वाले लोगों का तांता लगा हुआ है।
अमित शर्मा के पिता तिलक राज शर्मा लोक निर्माण विभाग से सेवानिवृत्त हैं, जबकि उनकी माता आशा शर्मा एक समाचार पत्र के दफ्तर में कार्यरत हैं। अमित की इस सफलता से न केवल उनके माता-पिता गर्व महसूस कर रहे हैं, बल्कि पूरे घुमारवीं क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
अमित ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया है। उन्होंने बताया कि लगन, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास से कोई भी इस परीक्षा को सफलतापूर्वक पास कर सकता है। अमित का कहना है कि उसे खुशी है कि वो अपने माता-पिता का सपना साकार कर पाया है।
अमित शर्मा की यह सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणादायक है, जो बैंकिंग क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हैं। यह साबित करता है कि सही दिशा, कड़ी मेहनत और समर्पण से बड़ी से बड़ी परीक्षा को पहली ही बार में पास किया जा सकता है।