#हादसा
March 31, 2026
हिमाचल: बुझ गया एक घर का चिराग... स्मार्ट मीटर लगाते युवक के साथ हुआ हा.दसा; निकले प्राण
बिजली के खंभे से गिरा युवक, करंट लगा या पैर फिसला जांच में होगा खुलासा
शेयर करें:

पांवटा साहिब (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पांवटा साहिब से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है] जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। स्मार्ट मीटर लगाने का काम कर रहे एक युवक की ड्यूटी के दौरान खंभे से गिरकर मौत हो गई। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतक की पहचान 37 वर्षीय दीपक, पुत्र अमरनाथ, निवासी गोहाना (हरियाणा) के रूप में हुई है। वह एक निजी कंपनी के तहत बिजली के स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य कर रहा था और इन दिनों पांवटा साहिब क्षेत्र में तैनात था। यह हादसा रामपुर घाट इलाके में उस समय हुआ जब दीपक बिजली के खंभे पर चढ़कर कनेक्शन जोड़ रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह ऊंचाई से नीचे गिर गया। गिरने के कारण उसके सिर में गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पंचायत चुनाव: हाईकोर्ट की सुक्खू सरकार को राहत, आरक्षण रोस्टर को करना होगा इंतजार
हादसे की असली वजह को लेकर अब भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि सिर पर गंभीर चोट लगने से युवक की जान गई, लेकिन यह भी जांच का विषय है कि कहीं उसे करंट लगा या उसका पैर फिसला। संबंधित विभाग और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रहे हैं।
घटना के बाद युवक को तुरंत सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जिससे मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके। दीपक की असामयिक मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। रोजी-रोटी कमाने निकला युवक इस तरह हादसे का शिकार हो जाएगा, किसी ने सोचा भी नहीं था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पंचायत चुनाव : आज जारी होगा आरक्षण रोस्टर, कल से लोगों को लुभाएंगे भावी उम्मीदवार
पुलिस न केवल हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है, बल्कि उस निजी कंपनी से भी जानकारी जुटाई जा रही है जिसके अधीन मृतक कार्यरत था। सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। यह दिल दहला देने वाली घटना एक बार फिर काम के दौरान सुरक्षा उपायों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े करती है।